देवरी MLA बृजबिहारी पटेरिया का वायरल वीडियो: कहा - बाहरी लोग हस्तक्षेप न करें नहीं तो पजामे ढ़ीले हो जाएगें

देवरी विधायक बृजबिहारी पटेरिया का वायरल वीडियो
मध्यप्रदेश। देवरी से भाजपा विधायक बृजबिहारी पटेरिया का एक बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि, देवरी में बाहरी लोग हस्तक्षेप न करें...मैं अपनी पे आ गया तो पजामे ढ़ीले हो जाएगें। देवरी से भाजपा विधायक बृजबिहारी पटेरिया का यह बयान देते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
सागर में इन दिनों राजनीति गरमाई हुई है। पटेरिया से पहले खुरई से भाजपा विधायक भूपेंद्र सिंह ने कहा था कि, भाजपाई - कोंग्रेसी एक साथ बैठकर मेरे खिलाफ साजिश करते है। पूजा पाठ किया जाता है, तंत्र - क्रियाएं जादू टोना इत्यादि करते है...खुरई का विकास रोकने के लिए तरह - तरह की साजिश भी की जाती है।"
31 सेकंड के वायरल वीडियो में विधायक बृजबिहारी पटेरिया यह कहते हुए सुने गए हैं कि, मैं बस इतना कहूंगा कि, 'जो बाहरी लोग देवरी की राजनीति में हस्तक्षेप कर रहे हैं, वे ये न समझें कि, हमारा उनके क्षेत्र में दखल नहीं है। मैं अपनी पर आ जाऊंगा तो उनके पजामे ढीले हो जाएंगे।'
दरअसल विधायक बृजबिहारी पटेरिया नगर पालिका के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इस कार्यक्रम में उन्होंने जो बयान दिया उसका वीडियो अब वायरल है। विधायक बृजबिहारी पटेरिया और नगर पालिका अध्यक्ष के बीच तनातनी की खबरें हैं। जिला मुख्यालय के कुछ नेताओं का समर्थन नगर पालिका अध्यक्ष को मिला हुआ है। विधायक लम्बे समय से देवरी का नाम बदले जाने की मांग कर रहे हैं। जब इस मुद्दे पर चर्चा के लिए नगर पालिका अध्यक्ष उपलब्ध नहीं रहे तो बृजबिहारी पटेरिया ने मंच से ही नाराजगी जताई।
बृजबिहारी पटेरिया देवरी का नाम बदलकर देवपुरी रखना चाहते हैं। इसके लिए नगर पालिका परिषद् के प्रस्ताव की अवश्यकता है। जब इस विषय पर प्रस्ताव के लिए लोगों को बुलाया गया तो आरोप है कि, नगर पालिका अध्यक्ष संगीता जैन अपने समर्थक पार्षदों के साथ उपस्थित नहीं हुई। इस असहयोग से विधायक खासा नाराज हैं।
