MP News: मुख्यमंत्री मोहन यादव के गृह जिले उज्जैन में देर रात हुआ बवाल, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज, 16 पर केस दर्ज

मुख्यमंत्री मोहन यादव के गृह जिले उज्जैन में देर रात हुआ बवाल, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज, 16 पर केस दर्ज
X

मोहर्रम का जुलूस : उज्जैन में देर रात हुआ बवाल

उज्जैन। मुख्यमंत्री मोहन यादव के गृह जिले उज्जैन में देर रात बवाल हो गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि, पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। बवाल करने वाले 16 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस मामले में अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया जाएगा।

दरअसल, रविवार देर रात को मोहर्रम का जुलूस निकल रहा था। तभी बेगमबाग के घोड़े को कुछ लोग गलत मार्ग पर ले जाने की कोशिश करने लगे। लोगों को जब पुलिसकर्मियों ने रोका तो भीड़ ने बैरिकेड्स गिरा दिए और भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई। इधर, घोड़ा भी भीड़ ने नीचे गिरा दिया।

घटना खजूरवाली मस्जिद क्षेत्र की है। इस घटना में दो पुलिसकर्मी भीड़ को विपरीत दिशा में जाने से रोकने के दौरान गिरने से घायल भी हो गए। मौके पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस ने आयोजक इरफान लाला सहित गलत मार्ग पर घोड़ा ले जाने की कोशिश करने वाले 16 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।

उल्लेखनीय है कि, कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु करीब 650 पुलिस अधिकारियों, कर्मियों को ड्यूटी पर तैनात किया गया था।

आदेश का उल्लंघन किया, और बनेंगे आरोपी : एसपी

इस संबंध में दैनिक स्वदेश से चर्चा में एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा कि, जीवाजीगंज थाना पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ गलत दिशा में जाने, लोक सेवक के आदेश का पालन नहीं करने, लोक सेवक का काम रोकने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य लोगों को भी आरोपी बनाएगी।

शर्मा ने कहा कि, बेगमबाग के घोड़े को निर्धारित किए गए मार्ग खजूरवाली मस्जिद से निकास चौराहा की ओर जाना था, जबकि वे घोड़े को अब्दालपुरा की ओर ले जा रहे थे। भीड़ ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स तोड़े और प्रतिबंधित मार्ग में घुस गए। पिछले 10 दिनों से आयोजकों की पुलिस कंट्रोल रूम में बैठक लेकर तथा थाना स्तर पर उन्हें निर्धारित रूट देकर स्पष्ट किया गया था कि जिस रूट को मान्य किया गया है, उसी पर जाना है। इस संबंध में उपस्थित सभी के हस्ताक्षर भी मिनिट्स पर करवाए गए थे। बावजूद इसके आदेश का उल्लंघन किया जा रहा था।

Tags

Next Story