रतलाम जावरा में 10 किलो एमडी ड्रग्स के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार,मुंबई से आया सुराग

रतलाम के जावरा में मुंबई और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 10 किलो एमडी ड्रग्स जब्त की है। मंगलवार रात हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी मौके से भागने में सफल रहा। मुंबई पुलिस तस्करों का पीछा करते हुए यहां पहुंची थी। पकड़े गए आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया जाएगा।
मुंबई से आया सुराग
रतलाम (ग्रामीण) के एएसपी विवेक कुमार ने बताया कि 11 जनवरी 2026 को मुंबई में 23 ग्राम एमडी के साथ एक आरोपी पकड़ा गया था। उसके कनेक्शन मंदसौर से सामने आए। इसी आधार पर मुंबई ठाणे पुलिस ने एपी जादव के नेतृत्व में मंगलवार दोपहर मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र के सूरजनी गांव में कार्रवाई की। पुलिस वहां भय्यू लाला को पकड़ने गई थी, लेकिन वह और उसके दो साथी वहां से भाग निकले। पीछा करने पर पता चला कि तस्कर जावरा के हुसैन टेकरी क्षेत्र में हैं।
घेराबंदी कर दो तस्कर गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
मुंबई पुलिस ने जावरा पुलिस से मदद मांगी। इसके बाद जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान और हुसैन टेकरी चौकी प्रभारी कुलदीप देथलिया ने टीम के साथ मिलकर घेराबंदी की। पुलिस ने मनोहर गुर्जर (निवासी सुखाखेड़ा) और जाजू सुल्तान (निवासी तितरोद, जिला मंदसौर) को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से 10 किलो एमडी ड्रग्स जब्त की गई। हालांकि, जिस भय्यू लाला को पकड़ने पुलिस गई थी, वह फरार हो गया। पुलिस ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला।
एएसपी के अनुसार, मुंबई पुलिस ने 11 जनवरी को जो 23 ग्राम एमडी पकड़ी थी, उसमें गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ में कुछ अन्य नाम बताए थे। इसके आधार पर मुंबई पुलिस ने अगले दिन 3.50 किलो एमडी जब्त की। जांच में मुंबई ड्रग्स सिंडिकेट का कनेक्शन मंदसौर में सामने आया। पुलिस को पता चला कि मंदसौर जिले से ही ड्रग्स मुंबई और अन्य जगहों पर सप्लाई हो रही थी।
जावरा थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों को बुधवार को जावरा कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोर्ट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुंबई पुलिस इन्हें ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ मुंबई ले जाएगी।
