अंग्रेजों के खिलाफ सबसे पहले जनजातीय समाज ने आंदोलन शुरू कियाः डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने मोरतलाई में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को पानसेमल के ग्राम मोरतलाई पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां धरती आबा योजना और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया।
इतिहास जनजातीय वीरों की गौरव गाथाओं से भरा है-सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारा इतिहास जनजातीय वीरों और महापुरुषों की गौरव गाथाओं से भरा है। अंग्रेजों के खिलाफ सबसे पहले जनजातीय समाज ने जंगलों से आंदोलन शुरू किया था। रानी दुर्गावती जैसी वीरांगनाओं ने अपने अदम्य साहस से दुश्मनों को परास्त किया और अपना बलिदान दिया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ सेल्फी भी ली।
पेसा एक्ट लागू कर जनजातीय समाज को उनके अधिकार लौटाए
डॉ. यादव ने बताया कि भाजपा सरकार ने पेसा एक्ट लागू कर जनजातीय समाज को उनके जल, जंगल और जमीन के अधिकार लौटाए हैं। अनुसूचित जनजाति वर्ग के सशक्तिकरण के लिए सरकार ने 47,296 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक 3,000 रुपए से बढ़ाकर 4,000 रुपए कर दिया गया है। इसके अलावा, 2.89 लाख व्यक्तिगत और 28,754 सामुदायिक वन अधिकार दावे स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनजातीय युवाओं को सिविल सेवा, नीट, क्लैट, आईआईटी, एनएलआईयू, एआईआईएमएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग उपलब्ध करा रही है और 50,000 रुपए तक की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जा रही है।
कांग्रेस की वजह से हमारे टुकड़े हुए
डॉ. यादव ने कहा, “यहां कौन अमर है, जो आया है, उसे जाना है। यहां कोई अमर नहीं है। आज यहां मंच से ‘वन्दे मातरम’ हुआ। कांग्रेस ने ‘वन्दे मातरम’ के साथ भी अन्याय किया और इसे टुकड़े कर दिया। भारत पर जब भी कोई संकट आता है, उसकी जिम्मेदारी पाकिस्तान की है। कांग्रेस के कारण ही हमारा देश टुकड़े हुआ है।”
लाड़ली बहनों को देंगे 3,000 रुपए
मुख्यमंत्री ने बताया कि सिकल सेल मिशन, आहार अनुदान योजना, पीएम जनमन योजना और धरती आबा योजना जैसे कार्यक्रमों से जनजातीय अंचलों में अभूतपूर्व विकास हो रहा है। बहनों के लिए लाड़ली बहन योजना की राशि 1,500 रुपए से बढ़ाकर 3,000 रुपए कर दी गई है।
सभा स्थल मोरतलाई से लगभग एक किलोमीटर दूर, करीब 20 एकड़ क्षेत्र में तैयार किया गया था। मंच पर प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, अजजा आयोग राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य, पानसेमल विधायक श्याम बरडे, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंतसिंह पटेल उपस्थित थे।
