नवग्रह शक्तिपीठ की कलश यात्रा में भगदड़, एक महिला की मौत कई घायल ग्वालियर रेफर

डबरा शहर में नवग्रह शक्तिपीठ की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत जिस उत्साह और भव्यता के साथ हुई थी, वह कुछ ही देर में दर्दनाक हादसे में बदल गई। मंगलवार को निकाली गई कलश यात्रा के दौरान अचानक भगदड़ मचने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि करीब पांच महिलाएं घायल हो गईं.घटना के बाद पूरे आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हजारों महिलाओं की भीड़, एक जैसे परिधान
नवग्रह शक्तिपीठ का यह आयोजन पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नेतृत्व में आयोजक समिति द्वारा कराया जा रहा है। 10 से 20 फरवरी तक चलने वाले इस 11 दिवसीय महोत्सव में बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, कुबेरेश्वर धाम के प्रदीप मिश्रा और कवि कुमार विश्वास के शामिल होने का कार्यक्रम तय है.कलश यात्रा स्टेडियम ग्राउंड से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजर रही थी। बड़ी संख्या में महिलाएं एक ही रंग की साड़ियों में सिर पर कलश लेकर यात्रा में शामिल थीं, जिससे कई जगहों पर भीड़ असामान्य रूप से बढ़ गई।
संकरे रास्ते पर बिगड़े हालात
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यात्रा जब एक चौराहे और संकरे मार्ग की ओर बढ़ी, तभी अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया। आगे बढ़ने और पीछे से धक्का लगने के कारण महिलाओं में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कई महिलाएं सड़क पर गिर पड़ीं.इसी दौरान एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घटना इतनी तेजी से हुई कि लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले हालात बिगड़ चुके थे।
सुरक्षा पर सवाल
हादसे की खबर मिलते ही मृतक महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और आयोजकों व पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना था कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था नाकाफी थी.परिजनों ने भीड़ नियंत्रण, एम्बुलेंस की उपलब्धता और आपातकालीन इंतजामों की कमी को लेकर नाराजगी जताई। मौके पर कुछ देर तक तनाव की स्थिति भी बनी रही।
प्रशासन ने संभाली स्थिति
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और घायलों को अस्पताल भिजवाया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर रुचिका चौहान और एसपी धर्मवीर सिंह यादव आयोजन से पहले तैयारियों का जायजा ले चुके थे, इसके बावजूद हुए इस हादसे ने प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आयोजकों ने जताया दुख
आयोजक समिति की ओर से घटना पर दुख जताया गया है और मृतक महिला के परिवार को सहायता देने की बात कही गई है.धार्मिक आस्था और भव्य आयोजन के बीच हुआ यह हादसा एक बार फिर बड़े आयोजनों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल छोड़ गया है।
