Indore Missing Couple: गाजीपुर में मिली 17 दिन से लापता सोनम रघुवंशी, तीन आरोपी गिरफ्तार, मामले में नया मोड़

यूपी में मिली 17 दिन से लापता सोनम रघुवंशी
Indore Missing Couple : मध्यप्रदेश। 17 दिन से लापता सोनम रघुवंशी उत्तरप्रदेश के गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र में एक ढाबे पर मिली है। सोनम रघुवंशी मेघालय से लापता हुई थी। मेघालय में सोनम के पति राजा की लाश मिली थी। बताया जा रहा है कि, सोनम बदहवास हालत में मिली है। वह कुछ भी बोलने की हालत में नहीं है। यह जानकारी भी सामने आई है कि, शिलांग में राजा रघुवंशी की हत्या सोनम ने ही कराई थी। तीन हत्यारोपी MP से गिरफ्तार किए गए हैं। सोनम भी गाजीपुर से पकड़ी गई है। मेघालय के DGP ने इसकी पुष्टि की है।
डीजीपी ने कहा कि, सोनम ने कथित तौर पर हत्यारों को सुपारी दी थी और हनीमून के दौरान ही अपने पति की हत्या की साजिश रची।
सोनम रघुवंशी
मध्यप्रदेश सरकार इस मामले में सीबीआई जांच की मांग कर रही थी। इंदौर से सोनम रघुवंशी अपने पति राजा रघुवंशी के साथ हनीमून पर गई थी। अचानक दोनों का परिवार से सम्पर्क टूट गया था। राजा की लाश मिलने के बाद सोनम की तलाश की जा रही थी।
सोनम को पुलिस अस्पताल लेकर गई जहां उसका प्राथमिक इलाज किया गया। इसके बाद उसे वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षित रखा गया है। सोनम ने अपने परिजनों से वीडियो कॉलिंग के माध्यम से बात की है। सोनम रघुवंशी गाजीपुर तक कैसे पहुंची यह बड़ा सवाल है।
मध्यप्रदेश के 3 हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया :
मेघालय के सीएम कॉनराड संगमा ने ट्वीट करते हुए बताया कि, "राजा हत्याकांड में 7 दिनों के भीतर मेघालय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मध्यप्रदेश के 3 हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक महिला ने आत्मसमर्पण कर दिया है और एक अन्य हमलावर को पकड़ने के लिए अभियान अभी भी जारी है।"
राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम राजा रघुवंशी का आखिरी CCTV फुटेज सामने आया था। इस आखिरी फुटेज में दोनों होटल में एक साथ दिख रहे थे। दोनों अंतिम बार, 22 मई को शिलांग में देखे गए थे।
खोज दल को राजा रघुवंशी का शव 2 जून को मिला था। उनकी पत्नी सोनम की तलाश जारी थी। दोनों रहस्यमयी तरीके से गायब हो गए थे। राजा रघुवंशी का शव गहरी खाई में मिला। उनकी चैन और पर्स पुलिस को नहीं मिला। इसके चलते फिलहाल लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। बहरहाल सोनम रघुवंशी के गाजीपुर में मिलने से इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
