Mandla Cricketer: मध्यप्रदेश की शुचि उपाध्याय टीम इंडिया में शामिल, श्रीलंका-साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेंगी Tri-series, सीएम मोहन यादव ने दी बधाई...

मध्यप्रदेश की शुचि उपाध्याय टीम इंडिया में शामिल, श्रीलंका-साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेंगी Tri-series, सीएम मोहन यादव ने दी बधाई...
X

India’s Squad for Women’s Tri-Nation ODI series: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की आगामी त्रिकोणीय सीरीज के लिए बीसीसीआई ने टीम की घोषणा कर दी है, जिसमें मध्य प्रदेश की युवा लेफ्ट आर्म स्पिनर शुचि उपाध्याय को भी मौका मिला है। भारत, श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के बीच 27 अप्रैल से शुरू होने वाली इस पांच मैचों की सीरीज में शुचि अपनी स्पिन का जादू दिखाने को तैयार हैं। घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया में जगह बनाने वाली शुचि अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए मैदान में उतरेंगी।

CM मोहन यादव ने दी बधाई

मंडला जिले की शुचि उपाध्याय के भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खुशी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "मंडला जिले की बेटी शुचि उपाध्याय को भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयनित होने पर हृदय से बधाई।

"यह हम सबके लिए आनंद का विषय है कि आप श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध होने वाली त्रिकोणीय सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा रहेंगी। आप अपने उत्कृष्ट खेल के माध्यम से प्रदेश व देश का नाम रोशन करें, शुभकामनाएं।"

बता दें मुख्यमंत्री के इस संदेश से शुचि को प्रदेशभर से शुभकामनाएं मिल रही हैं।

मंत्री सारंग का शुचि को संदेश

मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयनित शुचि उपाध्याय को वीडियो कॉल के ज़रिए बधाई दी। उन्होंने शुचि की इस उपलब्धि को प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

सारंग ने कहा कि शुचि ने अपने कठिन परिश्रम और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने शुचि से कहा, "तुम अपने माता-पिता, कोच, प्रदेश और देश का नाम रोशन करो। पूरा प्रदेश तुम्हारे साथ है और तुम्हारी कामयाबी पर गर्व महसूस कर रहा है।"

शुचि की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए गौरव की बात है। अब सबकी निगाहें उनके शानदार प्रदर्शन पर टिकी हैं।

Tags

Next Story