27 सालों की सर्विस में इनकम से 665% अधिक संपत्ति बनाई, EOW की रेड में सरकारी शिक्षक का भ्रष्टाचार उजागर

सीधीः मध्य प्रदेश के सीधी जिले में शुक्रवार की सुबह सवेरे जब ठंड के चलते लोग नींद में थे। तभी पटेल पुल के पास सरकारी आवास में रहने वाले शिक्षक के होश उड़े हुए थे। उनके घर सुबह 5 बजे रीवा ईओडब्ल्यू की टीम ने छापा मारा।
इस मकान के अलावा मड़वास में बने अन्य दो घरों में भी टीम ने कार्रवाई की है। कुसमी विकासखंड के शासकीय स्कूल खोखरा में पदस्थ टीचर अभिमन्यु सिंह पर आरोप है कि उन्होंने आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है।
जांच में आय से 665% अधिक संपत्ति का खुलासा
ईओडब्ल्यू की शुरूआती जांच के अनुसार साल 1998 से लेकर 2025 तक शिक्षक की लीगल इनकम के अनुसार कुल आय 57 लाख 28 हजार रुपए होती है। लेकिन जब टीम ने जांच की तो शिक्षक के पास से कुल आय से 665 फीसदी अधिक 4 करोड़ रुपए 36 लाख बरामद की गई है। ईओडब्ल्यू को आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिली थी। शिक्षक के घर दिनभर ईओडब्ल्यू की कार्रवाई जारी रही। आगे की काली कमाई की जांच करने के लिए कई दस्तावेज,बैंक डिटेल्स और प्रॉपर्टी रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं।
कहां से आ रहा था इतना पैसा
शिक्षक को सातवें वेतनमान के तहत हर महीने 1 लाख रुपए की सैलरी मिल रही थी। इसके बाद वह भ्रष्टाचार करता हुआ पाया गया है। वह अपनी सैलरी का पांच गुना भ्रष्टाचार से कमा रहा था। आरोपी शिक्षक सरकारी योजनाओं और स्कूल से जुड़े खर्चों में फर्जी बिल लगाना और डबल इंट्री करके पैसों का हेरफेर करता था। वह निर्माण कार्यों, स्टेशनरी, फर्नीचर, खेल सामग्री, स्कॉलरशिप, छात्रावास खर्च और अन्य मदों में फर्जी बिल लगाकर और दोहरी पर्चियां बनाकर गलत रूप से पैसा निकालता था।
ये फिजिकल प्रॉपर्टी हुई बरामद
ईओडब्ल्यू की रेड में दो मकान, दो प्लॉट एक कार, एक बुलडोजर, एक बाइक और बैंक अकाउंट के साथ ही बीमा पॉलिसियों से जुड़े डॉक्यूमेंट बरामद हुए हैं। शिक्षक अभिमन्यु सिह स्कूल में यूडीटी के पद पर था।
