MP News: CM मोहन यादव का बड़ा फैसला, मूंग और उड़द की MSP पर खरीदी का पंजीयन 19 जून से होगा शुरू

CM मोहन यादव का बड़ा फैसला, मूंग और उड़द की MSP पर खरीदी का पंजीयन 19 जून से होगा शुरू
X

मूंग और उड़द की MSP पर खरीदी का पंजीयन 19 जून से होगा शुरू 

भोपाल। मूंग और उड़द की MSP पर खरीदी को लेकर सीएम डॉ. मोहन यादव ने बड़ा फैसला किया है। सीएम ने बताया है कि, मध्यप्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मूंग और उड़द के उपार्जन के लिए 19 जून से पंजीयन प्रारम्भ होगा। मुख्यमंत्री की यह घोषणा किसानों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।

मध्यप्रदेश के मूंग उत्पादक किसान भारी नुकसान और सरकारी खरीदी के अभाव से गुस्से में थे। केंद्र सरकार ने मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 8,768 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, लेकिन किसानों को बाजार में केवल 5,000 से 5,500 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर उपज बेचनी पड़ रही है, जिससे प्रति क्विंटल लगभग 3,000 रुपये का घाटा हो रहा है। इससे नाराज किसान धरना-प्रदर्शन कर रहे थे और तत्काल सरकारी खरीदी शुरू करने की मांग कर रहे हैं।

किसान संगठनों ने व्यापारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया था, जो कीमतों को कम रख रहे हैं। मध्यप्रदेश में गर्मियों की तीसरी फसल के रूप में मूंग की खेती लगभग 12 लाख हेक्टेयर में होती है, जिसमें नर्मदापुरम संभाग और दो दर्जन अन्य जिले प्रमुख हैं। किसानों का कहना है कि प्रति एकड़ उत्पादन लागत 7,000 से 8,000 रुपये है लेकिन बाजार में मिल रहे दाम इसे कवर नहीं कर पा रहे। पिछले साल मूंग 8,000 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक में बिकी थी, जो इस बार के घाटे को और स्पष्ट करता है।

बढ़ते दबाव के बीच, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय कृषि मंत्री से इस मुद्दे पर चर्चा करने की घोषणा की है, जिससे किसानों में राहत की उम्मीद जगी है। दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी और किसान संगठनों ने इस संकट को बड़ा मुद्दा बना लिया है। किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना के नेतृत्व में तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन हुए, जिसमें सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया गया। आंजना ने मूंग और उड़द की खरीदी शुरू न होने पर कड़ा विरोध करने की चेतावनी दी।

राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ‘कक्काजी’ ने भी समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी की मांग की और तीन दिन बाद प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।

सीएम मोहन यादव ने शुक्रवार को बताया कि, "प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है। मध्यप्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मूंग और उड़द के उपार्जन के लिए 19 जून से पंजीयन प्रारम्भ होगा। इस संबंध में मेरी केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा हुई है। उपार्जन के लिए राज्य की ओर से केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है।"

Tags

Next Story