विदिशा स्टेशन पर यात्री बदहाली से परेशान: छांव में खड़े होने की व्यवस्था भी नहीं, NHRC सदस्य प्रियंक कानूनगो ने लिया संज्ञान

विदिशा स्टेशन पर यात्री बदहाली से परेशान
मध्यप्रदेश। विदिशा स्टेशन पर यात्री बदहाली से परेशान हैं। यहां से रोजाना सैकड़ों यात्री सफर करते हैं लेकिन उनकी यात्रा न तो सरल है और न ही सुगम। मंजर यह है कि, बेसिक फैसिलिटी तो दूर यहां छांव में खड़े होकर ट्रेन का इन्तजार करने की भी व्यवस्था नहीं है। चिलचिलाती गर्मी में लोग यहां सफर करने को मजबूर हैं।
विदिशा स्टेशन पर हर दिन सैकड़ों यात्री तेज धूप, भीड़भाड़ और बिना सुविधा के संघर्ष करते हैं। एक ओर जहां ट्रेन में कोच की कमी के चलते बैठने की भी व्यवस्था नहीं है, वहां गर्मी में खड़े होकर ट्रेन का इंतजार करना बड़ी चुनौती बन गया है। बड़ा सवाल यह है की, क्या गरिमामयी सफर करना आप नागरिकों का अधिकार नहीं।
विदिशा से यात्रा करने वाले लोगों का कहना है कि, एक तो ट्रेनों में कोच की कमी है और दूसरी ओर उन्हें गर्मी में धूप और बारिश के समय भीगते हुए अपनी ट्रेन का इन्तजार करना पड़ता है। यह काफी परेशान करने वाला है।
इस मामले से एक वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में लोग तेज धूप में खड़े होकर अपनी ट्रेन का इन्तजार करते नजर आ रहे हैं। NHRC के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने इस मामले में अब संज्ञान लिया है। देखना होगा कि, आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।
गौरतलब है कि, विदिशा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का गृह क्षेत्र है। वे विदिशा लोकसभा सीट से ही सांसद हैं। ऐसे में उनके गृह क्षेत्र के रेलवे स्टेशन का यह हाल व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।