डिजिटल बैठक का नया युग: भोपाल में जल्द ही ई-केबिनेट शुरू, मंत्रियों के सहायकों को मिला प्रशिक्षण

प्रदेश सरकार ई-ऑफिस प्रणाली के बाद अब ई-केबिनेट की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए मंत्रालय के अधिकारी, कर्मचारी और मंत्री कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया है। मुख्य सचिव अनुराग जैन के निर्देश पर मंत्रालय में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और मंत्रीगण के विशेष सहायकों, विशेष कर्तव्य अधिकारियों और निज सचिवों को ई-केबिनेट एप्लीकेशन का प्रशिक्षण दिया गया। शीघ्र ही केबिनेट की बैठकें इस एप्लीकेशन पर आयोजित होंगी।
ई-केबिनेट प्रशिक्षण
प्रतिभागियों को मुख्य सचिव कार्यालय के उपसचिव डी.के. नागेंद्र, एनआईसी के डायरेक्टर अमित जैन, और रजिस्टार वल्लभ भवन मनोज श्रीवास्तव ने प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में ई-केबिनेट के एजेंडा की आवश्यकता, केबिनेट से संबंधित सूचनाओं और दस्तावेजों की डिजिटल, सुरक्षित, स्मार्ट और प्रभावी प्रस्तुति के बारे में जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में ये सिखाया गया
प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि ई-केबिनेट के उपयोग से बैठक की तैयारी और समीक्षा में आसानी होगी। साथ ही इस नवीन प्रणाली से समय का प्रबंधन और बचत भी की जा सकती है। प्रतिभागियों को यह भी समझाया गया कि कैसे कागज रहित, सुरक्षित और आसानी से उपयोग होने वाला आधुनिक डिजिटल इंटरफेस पूर्णतः गोपनीयता बनाए रखता है। इससे किसी भी समय और कहीं से भी बैठक की कार्यसूची देखी जा सकती है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की विभिन्न शंकाओं का समाधान भी किया गया।
