मध्य प्रदेश के सभी महिला थानों में लगी सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें

भोपाल। मध्यप्रदेश में महिला स्वास्थ्य और सम्मान की दिशा में एक अहम पहल करते हुए प्रदेश के सभी महिला पुलिस थानों में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें और आरओ मशीनें स्थापित कर दी गई हैं । यह सुविधा सिर्फ महिला पुलिस कर्मियों तक सीमित नहीं है, बल्कि थानों में आने वाली सामान्य महिला आवेदक भी इसका लाभ ले सकेंगी यानी जरूरत के वक्त संकोच नहीं सुविधा मिलेगी ।
हर मशीन के साथ 1000 सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध
इस पहल की खास बात यह है कि हर वेंडिंग मशीन के साथ 1000 सेनेटरी नैपकिन पहले से उपलब्ध कराए गए हैं. ताकि किसी महिला को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता सामग्री के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े । विशेष पुलिस महानिदेशक (महिला सुरक्षा) अनिल कुमार ने बताया कि यह व्यवस्था देसाई फाउंडेशन ट्रस्ट और गृहुम हाउसिंग फाइनेंस के सहयोग से की गई है । उनका कहना है कि यह पहल केवल सुविधा नहीं, बल्कि महिलाओं की गरिमा और स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है ।
शुद्ध पेयजल के लिए थानों में आरओ मशीनें
महिला सुरक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य सुविधाओं को भी ध्यान में रखा गया है। पुलिस मुख्यालय ने सभी महिला पुलिस थानों में आरओ मशीनें भी लगवाई हैं, ताकि आम नागरिक, महिला आवेदक पुलिस कर्मी सभी को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल आसानी से मिल सके।
महिला यातायात पुलिस को हेलमेट भी प्रदान
सिर्फ थानों के भीतर ही नहीं, ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी कदम उठाए गए हैं. महिला यातायात पुलिस कर्मियों को सुरक्षित ड्यूटी संचालन के लिए हेलमेट प्रदान किए गए हैं, जिससे सड़क पर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके ।
इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ जागरूकता पर भी जोर
अनिल कुमार ने बताया कि इस परियोजना में केवल मशीनें लगाकर काम खत्म नहीं किया गया। महिला पुलिस कर्मियों और थानों में आने वाली महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य और हाईजीन से जुड़ी जागरूकता का प्रशिक्षण भी दिया गया है।
