MP को 8 राष्ट्रीय राजमार्ग की सौगात, रातापानी अभ्यारण्य राजमार्ग का लोकार्पण करेंगे केंद्रीय मंत्री गडकरी

मध्य प्रदेश को शनिवार को आठ राष्ट्रीय राजमार्गों की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। इसमें बहुप्रतिक्षित भोपाल-इटारसी मार्ग पर ओबेदुल्लागंज रातापानी अभ्यारण्य कॉरीडोर रोड का लोकार्पण, छह अन्य मार्गों और एक अंडरपास का शिलान्यास शामिल है। यह कार्यक्रम केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा विदिशा में आयोजित किया जाएगा.
4400 करोड़ से ज्यादा की परियोजनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि 17 जनवरी का दिन प्रदेश के लिए सौगात भरा होगा। इस दिन केंद्रीय मंत्री गडकरी विदिशा जिले में आयोजित कार्यक्रम में 4,400 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से निर्मित और प्रस्तावित राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। 181 किलोमीटर लंबे ये प्रोजेक्ट मध्य भारत और बुंदेलखंड क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूती प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इससे प्रदेश के सड़क और परिवहन विकास की दिशा में एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ेगा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री गडकरी सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और ड्राइवरों को कुशल बनाने के लिए मध्य प्रदेश में भोपाल समेत तीन आधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।
इस सड़क का शिलान्यास
देहगांव–बम्होरी मार्ग – लंबाई 27 किमी, लागत 60 करोड़।
भोपाल–विदिशा 4 लेन रोड चौड़ीकरण – लंबाई 42 किमी, लागत 1,041 करोड़ रुपए।
विदिशा–ग्यारसपुर 4 लेन रोड चौड़ीकरण – लंबाई 29 किमी, लागत 543 करोड़ रुपए।
ग्यारसपुर–राहतगढ़ 4-लेन रोड – लंबाई 36 किमी, लागत 903 करोड़।
राहतगढ़–बेरखेड़ी 4 लेन रोड – लंबाई 10 किमी, लागत 731 करोड़।
सागर वेस्टर्न बायपास ग्रीनफील्ड 4-लेन रोड – लंबाई 20.2 किमी, लागत 688 करोड़।
भोपाल–ब्यावरा खंड पर 5 अंडरपास – लंबाई 5 किमी, लागत 122 करोड़ रुपए।
रातापानी फोरलेन से 30 मिनट का समय बचेगा
भोपाल–इटारसी राजमार्ग पर एनएचएआई ने रातापानी वन्यजीव अभ्यारण्य क्षेत्र की 12 किमी लंबी फोरलेन रोड 418 करोड़ रुपए की लागत से बनाई है।
विदिशा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस रोड का लोकार्पण करेंगे। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर देवांश नवल ने बताया कि यह प्रोजेक्ट औबेदुल्लागंज–इटारसी–बैटूल कॉरिडोर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो बैटूल से नागपुर तक बेहतर सड़क संपर्क प्रदान करेगा।
इस सड़क को चौड़ा कर चार-लेन करने से यात्रा समय में करीब 30 मिनट की बचत होगी।
सड़क पर एनिमल अंडरपास का निर्माण
वन्यजीव संरक्षण के लिए इस सड़क पर एनिमल अंडरपास का निर्माण किया गया है। चारों ओर हरा-भरा जंगल और सड़क के दोनों तरफ 3–3 मीटर ऊंची बाउंड्रीवॉल बनाई गई है, जो पूरी तरह साउंड प्रूफ और हरे रंग की हैं।
इससे रातापानी के जंगल के वन्य जीवों को काफी राहत मिली है और यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। यह कॉरिडोर 18 मीटर चौड़ा है। अब कॉरिडोर से निकलने वाले वाहन का आधा घंटे का सफर केवल 10 मिनट में पूरा होगा। पहले सड़क की कम चौड़ाई और जगह-जगह टर्निंग पॉइंट होने की वजह से यात्रा में अधिक समय लगता था।
