मप्र कांग्रेस ने फिर बदली प्रवक्ताओं का चयन करने वाली कमेटी

मप्र कांग्रेस ने फिर बदली प्रवक्ताओं का चयन करने वाली कमेटी
X

जयवर्धन, हेमंत समेत 7 की एंट्री, मौजूदा 4 प्रवक्ता समेत 8 बाहर

मप्र कांग्रेस में प्रवक्ताओं का चयन करने वाली कमेटी को लेकर मचा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश कांग्रेस ने एक बार फिर ‘टैलेंट हंट’ समिति में संशोधन कर दिया है। पिछले दो महीनों के भीतर तीसरी बार जारी की गई ‘टैलेंट हंट’ कमेटी में विधायक जयवर्धन सिंह, हेमंत कटारे, महेश परमार समेत सात लोगों के नाम जोड़े गए हैं। वहीं पूर्व में घोषित ‘टैलेंट हंट’ समिति के संयोजक अभय तिवारी, यश घनघोरिया, मेघा परमार और चार प्रदेश प्रवक्ताओं समेत कुल आठ सदस्यों को बाहर कर दिया गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रवक्ताओं के चयन के लिए गठित ‘टैलेंट हंट’ समिति में यह बदलाव किया है। उल्लेखनीय है कि 9 दिसंबर को प्रदेश संगठन प्रभारी महामंत्री संजय कामले ने ‘टैलेंट हंट’ समिति का गठन किया था। इसे लेकर विवाद खड़ा हुआ तो कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने 23 दिसंबर को ‘टैलेंट हंट’ की नई कमेटी जारी कर दी थी, जिसमें सदस्यों के क्लस्टर भी तय किए गए थे। इसके बाद कांग्रेस में विवाद और बढ़ा तो मुकेश नायक ने इस्तीफा दे दिया था। हालांकि युवक कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के दखल के बाद वे वापस काम पर लौट आए थे।

नए प्रवक्ताओं की तलाश शुरू

प्रदेश कांग्रेस ने दो दिन पहले प्रवक्ताओं को कार्यमुक्त कर ‘टैलेंट हंट’ कार्यक्रम के जरिए नए प्रवक्ताओं की तलाश शुरू कर दी है। इसी बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुकेश नायक द्वारा 23 दिसंबर को गठित की गई ‘टैलेंट हंट’ कमेटी में बदलाव कर दिया है।

पटवारी ने ‘टैलेंट हंट’ समिति से अभय तिवारी, यश घनघोरिया, मेघा परमार और प्रदेश प्रवक्ता अभिनव बरोलिया, मिथुन अहिरवार, राहुल राज और आनंद जाट को बाहर कर दिया है। बताया गया है कि अभय तिवारी को असम चुनाव में व्यस्त होने के कारण ‘टैलेंट हंट’ समिति से हटाया गया है।

हटाए गए पदाधिकारियों के स्थान पर विधायक जयवर्धन सिंह, हेमंत कटारे, महेश परमार, पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल, विचार विभाग के अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता, मुणाल पंत और अपूर्व भारद्वाज को समिति में शामिल किया गया है। वहीं नई ‘टैलेंट हंट’ समिति का अध्यक्ष मुकेश नायक को बनाया गया है।

इसके अलावा विधायक आरिफ मसूद, विक्रांत भूरिया, महेंद्र जोशी और रीना बौरासी को नई समिति में भी शामिल रखा गया है।

Next Story