माओवादी संगठन को बड़ा झटका, MP में इतिहास का सबसे बड़ा सरेंडर, 77 लाख के इनामी के साथ 10 नक्सली डालेंगे हथियार

बालाघाट: मिशन 2026 को लेकर बालाघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कान्हा भोरमदेव डिवीजन (केबीडी) के 10 माओवादियों ने शनिवार देर रात बालाघाट पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। मध्यप्रदेश के इतिहास में यह सबसे बड़ा माओवादी आत्मसमर्पण है। ऑफिशियल रूप से सीएम मोहन यादव के सामने हथियार डालेंगे।
बालाघाट रेंज के आईजी संजय कुमार ने सरेंडर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादी कान्हा भोरमदेव डिवीजन के हैं। रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के सामने माओवादी हथियार डालेंगे।
केबीडी का 77 लाख का इनामी मुखिया भी शामिल
सरेंडर करने वाले माओवादियों में कान्हा भोरमदेव डिवीजन का मुखिया कबीर भी शामिल है। आईजी ने बताया कि उस पर तीनों राज्यों (मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र) में 77 लाख रुपए का इनाम है। 10 माओवादियों में चार महिला और छह पुरुष माओवादी हैं। इनको शनिवार देर रात बालाघाट आईजी के निवास स्थान लाया गया। जानकारी के अनुसार, कबीर बालाघाट सहित छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में हुईं कई माओवादी घटनाओं में शामिल रहा है।
इससे पहले एक नवंबर को छत्तीसगढ़ की सुनीता ने बालाघाट की किन्ही चौकी में सरेंडर किया था। एक महीने बाद अब बड़ी संख्या में माओवादियों ने हथियार डालने का फैसला किया है।
