Niaz Khan Retirement: अक्टूबर में रिटायर होने वाले हैं IAS नियाज खान, एक्स पर पूछा - क्या मुझे राजनीति में जाना चाहिए

IAS Niaz Khan
भोपाल। मध्य प्रदेश कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी नियाज खान ने एक्स पर अपने रिटायरमेंट की घोषणा की है। उन्होंने अपने भविष्य की योजनाओं को लेकर जनता की राय मांगी है। उन्होंने लिखा, "अक्टूबर में मैं IAS पद से रिटायर हो रहा हूं। कृपया बताएं कि क्या मुझे राजनीति में जाना चाहिए या फिर पर्यावरण की रक्षा का उद्देश्य बनाना चाहिए। आप लोगों की राय निर्णय लेने में सहायक होगी।"
नियाज खान, वर्तमान में मध्यप्रदेश लोक निर्माण विभाग में उप सचिव के पद पर कार्यरत हैं। वे अक्सर अपने विवादास्पद बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट के कारण अक्सर चर्चा में रहे हैं। उनकी किताबों और ट्वीट्स ने कई बार सामाजिक और धार्मिक मुद्दों पर बहस छेड़ी है।
आईएएस नियाज खान के द्वारा राजनीति में जाने के सवाल पर एक यूजर ने लिखा - "राजनीति मे आईये गुरूवर आप जैसे विद्वानो की सख्त आवश्यकता है। पर्यावरण संरक्षण राजनीति के साथ हो जायेगा।"
एक अन्य यूजर ने कहा - "राजनीति में अच्छे लोगों की आवश्यकता अवश्य जायिए।"
हाल ही में, 2024 में, खान ने अपने उपनाम 'खान' को हटाने का फैसला किया और घोषणा की कि उनकी भविष्य की किताबें 'माइकन ए' (MAIKAN A) के नाम से प्रकाशित होंगी, जो उनका बचपन का उपनाम है। उन्होंने दावा किया कि 'खान' उपनाम के कारण उन्हें साहित्यिक नुकसान हुआ।
अब, रिटायरमेंट के करीब आते हुए, खान के इस सवाल ने कि क्या उन्हें राजनीति में प्रवेश करना चाहिए या पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान देना चाहिए, एक नई बहस छेड़ दी है। उनके समर्थकों का मानना है कि उनकी स्पष्टवादिता और सामाजिक मुद्दों पर विचार उन्हें राजनीति में प्रभावी बना सकते हैं, जबकि अन्य का कहना है कि पर्यावरण संरक्षण जैसे गैर-राजनीतिक क्षेत्र में उनका योगदान अधिक सार्थक हो सकता है।
