राहुल गांधी से की बरैया के कांग्रेस से निष्कासन की मांग

महिलाओं पर आपत्तिजनक बयान देकर फंसे बरैया, महिला मोर्चा ने फूंके पुतले
अजा/अजजा महिलाओं के संबंध में विवादित बयान देने वाले कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया चौतरफा घिर गए हैं। भाजपा नेताओं ने बरैया के बयान की निंदा करते हुए कांग्रेस नेतृत्व से उनके पार्टी से निष्कासन की मांग की। वहीं, इंदौर में राहुल गांधी के साथ बरैया की मौजूदगी पर भी कड़ी आपत्ति जताई गई और राहुल गांधी से माफी मांगने की अपील की गई।
बयान के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदेशभर में बरैया के पुतले फूंके और कांग्रेस की सोच तथा मानसिकता को घृणित, महिलाओं और अजा/अजजा विरोधी बताया। कांग्रेस ने भी बयान से पल्ला झाड़ते हुए इसे बरैया का व्यक्तिगत बयान करार दिया और उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।
महिला मोर्चा ने प्रदेशभर में फूंके पुतले
कांग्रेस विधायक बरैया के आपत्तिजनक बयान के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदेशभर में उनके पुतले फूंके। राजधानी भोपाल में यह प्रदर्शन बोर्ड ऑफिस चौराहे पर किया गया।
ऐसे विधायक को पार्टी से बाहर करें राहुल गांधी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं, खासकर वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को यह देखना चाहिए कि समाज में ऐसे जहर घोलने वाले बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राहुल गांधी आकर अपने विधायक को सस्पेंड करें और पार्टी से बाहर करें। मुख्यमंत्री ने कहा, “ऐसा होना चाहिए ताकि समाज के बाकी लोगों के लिए भी उनका सम्मान दिखाई दे। मैं उनके बयान की निंदा करता हूं। फूलसिंह बरैया विधायक हैं और उनका उत्तरदायित्व है कि वे इस तरह की बातें न करें।
शर्मनाक बयान, बेटियां मेरे लिए देवियां
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बरैया के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि महिलाओं को लेकर इस तरह की टिप्पणी बिल्कुल अस्वीकार्य है।
निम्नस्तरीय संस्कारों का प्रतिबिंब
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस विधायक द्वारा दिया गया यह शर्मनाक बयान न केवल महिलाओं का अपमान है बल्कि धर्म और संस्कृति को भी गलत तरीके से जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि महिलाओं के अपमानजनक शब्द कहने वाले नेताओं पर कांग्रेस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है और उन्हें तुरंत निष्कासित किया जाना चाहिए।
बरैया का बयान कांग्रेस की मानसिकता का प्रतीक
पूर्व मंत्री एवं विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि कैसे कोई व्यक्ति महिलाओं के संबंध में इतनी घिनौनी टिप्पणी कर सकता है। बरैया विधायक और संसदीय पद पर हैं। उन्होंने कहा, “लड़कियां खुद लड़ सकती हैं और ऐसे बयान देने वाले को कांग्रेस से निष्कासित किया जाना चाहिए। यह पूरी कांग्रेस की मानसिकता का प्रतिबिंब है।”
भाजपा का विरोध जारी
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि इंदौर में राहुल गांधी के साथ मंच पर बरैया की मौजूदगी अस्वीकार्य है और कांग्रेस को ऐसे नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
