संगठन सृजन अभियान: मध्यप्रदेश में उपयोगी घोड़ों के साथ आगे बढ़ेगी कांग्रेस, लंगड़े और बारात वाले घोड़ों से किनारा

Rahul Gandhi in Bhopal
भोपाल। दो दशक से अधिक समय हो गया, मध्यप्रदेश में कांग्रेस सत्ता से बाहर है। भाजपा का गढ़ बन चुके मध्यप्रदेश में बीच में कुछ समय के लिए कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार आई लेकिन वह भी गुटबाजी और दलबदल की भेंट चढ़ गई। एमपी में कांग्रेस लगातार मजबूत नेतृत्व की कमी का शिकार हो रही है। ऐसे में अब राहुल गांधी ने घोड़ों की तीन किस्मों की तर्ज पर कांग्रेस नेताओं - कार्यकर्ताओं की छटनी के स्पष्ट संकेत दे दिए हैं।
संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि, कांग्रेस को मजबूत करने वाले लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी और कांग्रेस में रहकर भाजपा के लिए काम करने वालों की पहचान की जाएगी। अब राहुल गांधी ने भोपाल में घोड़ों की तर्ज पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की छटनी के संदेश दे दिए हैं।
राहुल गांधी ने पहले घोड़ों की दो किस्मों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, एक घोड़ा बारात का होता है और एक रेस का। अक्सर बारात के घोड़े को वे रेस में भेज देते हैं और रेस के घोड़े को वे बारात में भेज देते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि, यह ज्ञान उन्हें पूर्व सीएम कमलनाथ ने दिया है।
इसके आगे राहुल गांधी ने घोड़े की एक तीसरी किस्म का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि, घोड़े की तीसरी किस्म है वो है जो लंगड़े हो गए हैं। ऐसे घोड़ों को रिटायर किया जाएगा। राहुल गांधी ने भरे मंच से कहा कि, इन लंगड़े घोड़ों को रिटायर करना है। इन्हें थोड़ी सी घास और चारा पानी देना है और कहना है कि, रिलेक्स करो, बाकियों को तंग मत करो।
इस तरह अब मध्यप्रदेश कांग्रेस अब आने वाले समय में बड़े बदलाव से गुजरने वाली है। राहुल गांधी की बातों को मध्यप्रदेश कांग्रेस किस तरह से धरातल पर लागू करती है यह देखने लायक होगा।
इन बदलावों को लागू करेगी कांग्रेस -
- जिला कांग्रेस कमेटी के अधिकार बढ़ेंगे इसी के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ेगी।
- चुनाव में उम्मीदवार तय करने में जिला कांग्रेस कमेटी अहम भूमिका निभाएगी।
- हर निर्णय में कांग्रेस अब पार्टी के हितों को तवज्जो देगी, गुटबाजी करने वाले नेताओं को किनारा किया जाएगा।
- जिला कांग्रेस अध्यक्ष की अहमियत कांग्रेस में बढ़ेगी।
- जीत दिलाने वाले नेताओं को ही पार्टी चुनाव में टिकट देगी।
- दूसरे दल के प्रति श्रद्धा रखने वालों को कांग्रेस दिखाएगी बाहर का रास्ता।
