मोहन मंत्रिमंडल में विस्तार एवं फेरबदल के आसार!

मोहन मंत्रिमंडल में विस्तार एवं फेरबदल के आसार!
X

कुछ मंत्रियों को मिल चुके हैं संकेत, विदेश जाने से पहले हो सकती है शपथ

प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने कार्यकाल के दो साल पूरे कर लिए हैं। नया साल शुरू होते ही मंत्रिमंडल के विस्तार और फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। खबर है कि पिछले महीने सत्ता और संगठन के बीच निगम-मंडलों में नियुक्तियों को लेकर मंथन का दौर समाप्त हो चुका है। इस महीने नियुक्तियां होने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर केंद्रीय नेतृत्व ने भी संकेत दे दिए हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री के विदेश दौरे पर रवाना होने से पहले शपथ लेने की संभावना है।

शाह के दौरे के बाद अटकलों को मिला बल

पिछले महीने ग्वालियर प्रवास के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोहन सरकार की पीठ थपथपाई थी। शाह के दौरे के बाद मध्यप्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों को और बल मिला। खबर है कि कुछ मंत्रियों को पार्टी नेतृत्व की ओर से संकेत भी मिल चुके हैं। इनमें वे मंत्री शामिल हैं जिन्हें मंत्रिमंडल से बाहर किया जाना है और जिनके विभागों में तब्दीली होने की संभावना है।

हाल ही में सत्ता और संगठन के नेताओं की दिल्ली और भोपाल में हुई मुलाकातों को भी निगम-मंडलों में नियुक्तियों और मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। पिछले महीने सरकार की दो साल की उपलब्धियां गिनाते समय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर जल्द ही निर्णय लेने के संकेत दिए थे। साथ ही उन्होंने मंत्रियों के प्रदर्शन (परफॉर्मेंस) की भी समीक्षा करने की बात कही।

मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना को देखते हुए गृह विभाग की वाहन शाखा ने मंत्रियों के लिए वाहनों की व्यवस्था शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री 18 जनवरी को विदेश जाएंगे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मकर संक्रांति पर्व के बाद 18 जनवरी को स्विट्ज़रलैंड के दावोस में आयोजित वैश्विक आर्थिक कार्यक्रम में भाग लेने जाएंगे। वे वहां 23 जनवरी तक रहेंगे। यदि राजनीतिक समीकरण अनुकूल रहे तो मुख्यमंत्री के विदेश रवाना होने से पहले ही मंत्रिमंडल विस्तार संभव है। हालांकि, नए मंत्रियों के नाम और मौजूदा मंत्रियों के हटाए जाने पर विरोध की स्थिति बनी तो यह मामला आगे खिसक सकता है।


Next Story