MP News: होली से पहले चर्चा में इंदौर के DCP अभिनव विश्वकर्मा, सोशल मीडिया पर हो रही है इनकी CO अनुज चौधरी से तुलना

इंदौर के DCP अभिनव विश्वकर्मा और संभल CO अनुज चौधरी
MP News : मध्य प्रदेश। होली और जुमा एक साथ होने पर पूरे देश में इस समय एक अलग बहस छिड़ गई है। एक ही दिन दो अलग - अलग सम्प्रदाय के त्यौहार होने पर उत्तरप्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में हाई अलर्ट जारी है। इस बीच इंदौर के DCP अभिनव विश्वकर्मा चर्चा का विषय बन गए हैं। सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल है। कई लोग उनकी तुलना CO अनुज चौधरी से कर रहे हैं।
पहले जानिए आखिर क्यों चर्चा में इंदौर के DCP के रूप में कार्यरत आईपीएस अधिकारी अभिनव विश्वकर्मा...।
दरअसल, होली को लेकर इंदौर में पुलिस हाई अलर्ट पर है। महू में चैम्पियन ट्रॉफी के जश्न के समय हुए विवाद के बाद पुलिस यहां लगातार शांति बनाए रखने की अपील कर रही है। इसी बीच DCP अभिनव विश्वकर्मा का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वे लोगों से सामाजिक सौहार्दय बनाए रखने की अपील करते हुए सुने जा सकते हैं।
DCP अभिनव विश्वकर्मा वीडियो में यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि - हमें हर त्यौहार मिलकर मानना है। मन लीजिये कोई घटना होती भी है तो आप सभी समझदार नागरिक हैं...कोई गाड़ी टकरा गई या किसी ने रंग डाल दिया या रंग लग गया तो हमें उस विवाद को सुलझाना है। हमें विवाद सुलझाना है ताकि कोई घटना बढ़े न...हमारे क्षेत्र का नाम खराब नहीं होना चाहिए। आपकी कोई समस्या है तो आप मुझे बताइये मैं सुनुंगा और हल निकलूंगा।
इसके बाद DCP अभिनव विश्वकर्मा ने वहां मौजूद लोगों से पूछा कि, क्या रमजान अच्छा चल रहा है। इफ्तारी में कोई दिक्कत तो नहीं हो रही। नमाज या सहरी में कोई दिक्कत...हमें आपका सहयोग चाहिए। आप भी अच्छे से त्यौहार मनाइये। इसके बाद DCP अभिनव विश्वकर्मा के आसपास मौजूद लोगों ने शांति बनाए रखने के लिए उनसे वादा किया।
DCP अभिनव विश्वकर्मा की उतरप्रदेश के संभल में CO अनुज चौधरी से तुलना क्यों :
CO अनुज चौधरी ने बीते दिनों शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा था कि, 'जुमा साल में 52 बार आता है लेकिन होली एक बार आती है। इसलिए नमाज के समय को आगे बढ़ा लें।' CO अनुज चौधरी के इस बयान को लेकर उनकी कई लोगों ने निंदा की थी।
अब सोशल मीडिया पर खाखी वर्दी पहने CO अनुज चौधरी और DCP अभिनव विश्वकर्मा की तुलना की जा रही है। लोगों का कहना है कि, अनुज चौधरी ने अपने बयान से सामाजिक सौहार्दय को बिगाड़ा है वहीं DCP अभिनव विश्वकर्मा ने खाखी की लाज रखते हुए लोगों से शांति बनाए रखने और मिलकर त्यौहार मनाने की अपील की है।