कानपुर में खाकी शर्मसार: दागदार 'दारोगा' का पुलिस करेगी शिकार, रखा 50000 का इनाम

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में गैंगरेप का चौंकाने वाला मामला सामने आया। इसने उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच में बड़ी लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए ACP पनकी शिखर यादव को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं, सचेंडी थाने की भीमसेन चौकी के इंचार्ज दिनेश कुमार को भी सस्पेंड कर दिया गया है।
यह कार्रवाई उस समय हुई, जब कोर्ट के साथ-साथ पीड़ित परिवार ने भी पुलिस की भूमिका पर गंभीर आपत्ति जताई। मामले में नया अपडेट सामने आया है। पुलिस कमिश्नर ने शनिवार को मुख्य आरोपी दरोगा अमित कुमार मौर्य पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें गोरखपुर तक पहुंचीं, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही वह फरार हो चुका था।
फरार दारोगा की तलाश में 4 टीमें दे रही दबिश
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। दरोगा को ढूंढने के लिए 4 टीमें दबिश दे रही हैं।
पीड़िता के घर बढ़ाई गई सुरक्षा
पीड़िता का कोर्ट में बयान दर्ज कराने के बाद उसे उसके भाई के साथ घर भेज दिया गया है। किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए पीड़िता के घर पर पुलिस सुरक्षा तैनात कर दी गई है। पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। इस केस ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के पीड़िता से मिलने कानपुर आने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर किया गैंगरेप
पीड़िता के अनुसार, 5 जनवरी की रात करीब 10 बजे वह घर से बाहर निकली थी। तभी स्कॉर्पियो में बैठे दरोगा अमित कुमार मौर्य और यूट्यूबर शिवबरन यादव ने उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया। दोनों आरोपी उसे सचेंडी इलाके में रेलवे ट्रैक के पास एक सुनसान जगह पर ले गए, जहां गाड़ी के अंदर ही गैंगरेप किया गया। करीब दो घंटे बाद पीड़िता को बेहोशी की हालत में उसके घर के बाहर फेंक दिया गया।
पकड़ाया यूट्यूबर जेल पहुंचा
मामले में आरोपी यूट्यूबर शिवबरन यादव को जेल भेज दिया गया है। जेल जाते समय उसने खुद को निर्दोष बताया और कहा कि वह पीड़िता को पहचानता तक नहीं है। वहीं, मुख्य आरोपी दरोगा अमित कुमार मौर्य अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
