Shubman Gill Century: टेस्ट कप्तानी में डेब्यू करते ही चमके शुभमन गिल, इंग्लैंड के खिलाफ पहले दिन जड़ा शतक

कप्तान शुभमन गिल ने लगाया शतक
Shubman Gill Century: भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी करते हुए शुभमन गिल ने अपने टेस्ट कप्तानी करियर की शानदार शुरुआत की है। लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट में उन्होंने पहली ही पारी में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। बतौर टेस्ट कप्तान डेब्यू करते हुए शतक जड़ने वाले गिल पांचवें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने खुद को टीम इंडिया के भरोसेमंद कप्तान के तौर पर पेश किया है।
शुभमन गिल ने रचा इतिहास
हेडिंग्ले टेस्ट में शतक लगाकर शुभमन गिल ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वे टेस्ट कप्तानी डेब्यू में शतक लगाने वाले सबसे युवा भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। यह उनके टेस्ट करियर का छठा शतक है, जो उन्होंने महज 34 टेस्ट मैचों में हासिल किया। शुभमन अब उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने कप्तान के तौर पर अपने पहले टेस्ट में शतक लगाया है। अब तक इस लिस्ट में विजय हजारे, सुनील गावस्कर और विराट कोहली ही शामिल थे।
आलोचकों को दिया करारा जवाब
हेडिंग्ले टेस्ट में सभी की नज़रे शुभमन गिल पर थीं, क्योंकि बतौर कप्तान यह उनका पहला मैच था। अब तक गिल का एशिया के बाहर टेस्ट रिकॉर्ड कमजोर माना जाता था। ऐसे में इंग्लैंड की चुनौती उनके लिए बड़ी परीक्षा थी, लेकिन 25 साल की उम्र में कप्तानी की जिम्मेदारी संभालते हुए गिल ने पहले ही दिन शानदार शतक जड़कर आलोचकों को जवाब दे दिया। उन्होंने दिखा दिया कि वे बड़ी जिम्मेदारियां उठाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
नई जिम्मेदारी, नई पोजिशन और गिल का शानदार शतक
हेडिंग्ले टेस्ट शुभमन गिल के लिए कई मायनों में खास रहा। वे पहले दिन दूसरे सेशन की शुरुआत में ही बल्लेबाजी करने उतरे। यह पारी इसलिए भी अहम रही क्योंकि बतौर कप्तान यह उनकी पहली पारी थी। साथ ही वे पहली बार नंबर 4 पर बल्लेबाजी कर रहे थे। नई जिम्मेदारी और बदले स्थान के बावजूद गिल ने पूरी ताकत से खुद को साबित किया। यशस्वी जायसवाल के शतक के बाद गिल ने आखिरी सेशन में भी दमदार अंदाज में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 75वें ओवर में जोश टंग की गेंद पर चौका लगाकर 140 गेंदों में अपना छठा टेस्ट शतक पूरा किया, जिसमें 14 चौके शामिल थे।
