Home > खेल > अन्य खेल > पैरा एशियाई खेल : एकता भयान ने भारत को दिलाया चौथा स्वर्ण

पैरा एशियाई खेल : एकता भयान ने भारत को दिलाया चौथा स्वर्ण

पैरा एशियाई खेल : एकता भयान ने भारत को दिलाया चौथा स्वर्ण
X

नई दिल्ली/स्वदेश वेब डेस्क। जकार्ता में खेले जा रहे पैरा एशियाई खेलों में मंगलवार को महिलाओं की क्लब थ्रो स्पर्धा के एफ 32.51 श्रेणी (एफ 32.51 खिलाड़ियों में हाथ की विकृति से संबंधित है) में भारत की एकता भयान ने स्वर्ण पदक जीता। इन खेलों में भारत का यह चौथा स्वर्ण पदक है। भयान ने चौथे प्रयास में 16.02 मीटर का थ्रो लगाकर स्वर्ण जीता। उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात की अलकाबी ठेकरा को हराकर स्वर्ण जीता।

भारत अब तक इस प्रतियोगिता में चार स्वर्ण पदक जीत चुका है। एकता से पहले भाला फेंक स्पर्धा में संदीप चौधरी ने विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। संदीप ने पुरुषों की एफ 42.44/61.64 स्पर्धा में पहला स्थान हासिल करके भारत को इन खेलों का पहला स्वर्ण दिलाया। भारत को दो अन्य स्वर्ण पदक मध्यम दूरी की धाविका राजू रक्षिता (महिलाओं की टी11 1500 मीटर दौड़) और तैराक जाधव सुयेश नारायणन (पुरुषों की एस7 50 मीटर बटरफ्लाई) ने दिलाए।

उल्लेखनीय है कि भारत के कुल पदकों की संख्या अब 22 हो गई है| इनमें चार स्वर्ण, छह रजत और 12 कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में भारत आठवें नंबर पर काबिज है।

जकार्ता में चल रहे पैरा एशियाई खेलों में मंगलवार को भारतीय महिला एथलीट जयंती बेहेरा ने महिलाओं की 200 मीटर टी-45/46/47 रेस स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। जयंती ने फाइनल में 27.45 सेकेंड के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक चीन की एथलीट ली लु को मिला। ली ने 25.82 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पर कब्जा किया। चीन की ही यानपिंग वांग ने रजत पदक जीता। उन्होंने 26.45 सेंकेंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया।

जयंती के अलावा आनंदन गुणशेखरन और मोनू घंगास ने भी कांस्य पदक जीते। घंगास पुरुषों के शॉटपुट में तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, गुणशेखरन ने पुरुषों के 200 मीटर टी 44.62.64 में ब्रॉन्ज मेजल जीता। बेहेरा ने महिलाओं की 200 मीटर टी 45.46.47 इवेंट में तीसरा स्थान हासिल किया।

Updated : 9 Oct 2018 2:28 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top