Breaking News
  • डिप्टी CM केशव मौर्य के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग: 2000 फीट ऊंचाई पर अचानक डिस्प्ले बंद हुआ, अंदर धुआं भरा
  • टी20 वर्ल्ड कप: अहमदाबाद में इतिहास रचने से एक कदम दूर टीम इंडिया
  • ईरान ने पड़ोसी देशों से माफी मांगी, फिर कतर पर हमला, अमेरिका बोला आज होगा अब तक का सबसे बड़ा अटैक
  • मिडिल ईस्ट जंग का असर भारत की रसोई पर! घरेलू LPG सिलेंडर 60 रुपए महंगा
  • कर्नाटक में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बंद
  • 23 साल पुराने पत्रकार छत्रपति हत्याकांड में राम रहीम बरी, हाईकोर्ट ने कहा– साजिश के पुख्ता सबूत नहीं

होम > खेल

T20 WC Final: India vs New Zealand

T20 विश्वकप 2026 फाइनल: भारत-न्यूजीलैंड आमने-सामने, क्या पुराने हिसाब बराबर करेगी टीम इंडिया?

टी20 विश्वकप 2026 का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में होगा। दोनों टीमें लगातार दूसरे ICC फाइनल में भिड़ रही हैं। भारत के पास कीवियों से पुराने हिसाब बराबर करने का मौका है।


t20 विश्वकप 2026 फाइनल भारत-न्यूजीलैंड आमने-सामने क्या पुराने हिसाब बराबर करेगी टीम इंडिया

India Vs New Zealand |

नई दिल्ली। क्रिकेट प्रेमियों के लिए रविवार, 8 मार्च की शाम बेहद खास होने वाली है। टी20 विश्वकप 2026 का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। वहीं, मुकाबले की मेजबानी गुजरात के अहमदाबाद में स्थित विशाल नरेंद्र मोदी स्टेडियम करेगा।

मैच शाम 7 बजे शुरू होगा जबकि टॉस शाम 6:30 बजे होगा। दिलचस्प बात यह है कि दोनों टीमें लगातार दूसरे साल किसी ICC टूर्नामेंट के फाइनल में भिड़ रही हैं। इससे पहले 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया था। 

ICC नॉकआउट में भारत बनाम न्यूजीलैंड

भारत और न्यूजीलैंड अब तक ICC टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों में 5 बार आमने-सामने आ चुके हैं। इसमें तीन मुकाबले न्यूजीलैंड ने जीते हैं, जबकि भारत को दो में जीत मिली है। इतिहास बताता है कि ICC नॉकआउट में न्यूजीलैंड हमेशा भारत के लिए आसान प्रतिद्वंद्वी नहीं रहा है, इसलिए यह मुकाबला सिर्फ एक फाइनल नहीं बल्कि पुराने हिसाब बराबर करने का मौका भी है।

हालांकि एक दिलचस्प तथ्य यह भी है कि टी20 विश्वकप के नॉकआउट में दोनों टीमें पहली बार भिड़ेंगी। इससे पहले उनकी टक्कर वनडे विश्वकप या विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के नॉकआउट में ही हुई है।

2000 चैंपियंस ट्रॉफी में भारत से छिना पहला बड़ा खिताब

भारत और न्यूजीलैंड की पहली नॉकआउट भिड़ंत साल 2000 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में हुई थी। तब भारत ने 264 रन बनाए थे। इस मैच में कप्तान सौरव गांगुली ने 117 रन और सचिन तेंदुलकर ने 69 रन बनाए। लेकिन न्यूजीलैंड ने शानदार रन चेज करते हुए 49.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। उस मैच के हीरो रहे क्रिस केयर्न्स, जिन्होंने नाबाद 102 रन बनाए और दो विकेट भी लिए। कीवी टीम ने भारत को 4 विकेट से हराकर ट्रॉफी जीत ली थी।

2019 विश्वकप सेमीफाइनल: भारतीय फैंस का दर्द

2019 का वनडे विश्वकप सेमीफाइनल भारतीय क्रिकेट फैंस शायद ही भूल पाएंगे। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 239 रन बनाए। जवाब में भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। विराट कोहली, रोहित शर्मा और केएल राहुल सिर्फ 1-1 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रवींद्र जडेजा (77) और एमएस धोनी (50) ने उम्मीद जगाई। लेकिन अंत में टीम इंडिया 221 रन पर ऑलआउट हो गई और 18 रन से हार गई। यह मैच दो दिनों तक चला था और काफी भावनात्मक भी रहा।

2021 WTC फाइनल: बारिश के बीच कीवी जीत

2021 में दोनों टीमें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के पहले फाइनल में भिड़ीं। मैच में बारिश ने काफी बाधा डाली और रिजर्व डे तक खेल गया। भारत ने पहली पारी में 217 रन बनाए। वहीं, दूसरी पारी में 170 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने लक्ष्य 139 रन आसानी से हासिल कर लिया। कप्तान केन विलियम्सन (52)* और रॉस टेलर (47)* नाबाद रहे।

2023 विश्वकप सेमीफाइनल: भारत की जोरदार वापसी

2019 की हार का बदला भारत ने 2023 वनडे विश्वकप सेमीफाइनल में लिया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने 397 रन बनाए। इस मुकाबले में  विराट कोहली ने 117 रन, श्रेयस अय्यर 105 रन, शुभमन गिल 80 रन का योगदान दिया। वहीं, जवाब में न्यूजीलैंड 327 रन पर ऑलआउट हो गया। मोहम्मद शमी ने 7 विकेट लेकर मैच पलट दिया और भारत ने 70 रन से जीत दर्ज की।

2025 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल: भारत की जीत

2025 में दोनों टीमें फिर फाइनल में भिड़ीं और इस बार भी भारत ने बाजी मारी। इसमें न्यूजीलैंड ने 251 रन बनाए। इसमें डेरिल मिचेल ने 63 रन, माइकल ब्रेसवेल ने 53 रन का योगदान दिया। हालांकि भारत ने 49 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। इंडिया की तरफ से  रोहित शर्मा: 76 रन, श्रेयस अय्यर: 48 रन का योगदान दिया। वहीं, केएल राहुल और जडेजा ने अंत तक टिककर जीत दिलाई।

क्या भारत लगाएगा जीत की हैट्रिक?

अब सवाल यही है क्या भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ ICC नॉकआउट में लगातार तीसरी जीत दर्ज कर पाएगा? अगर ऐसा होता है तो भारत की लगातार तीसरी नॉकआउट जीत होगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत-हार का रिकॉर्ड बराबर हो जाएगा। 

टी20 इंटरनेशनल में भारत का पलड़ा भारी

अगर सिर्फ टी20 इंटरनेशनल की बात करें तो भारत का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के खिलाफ बेहतर है। दोनों टीमों के बीच अब तक 30 टी20 मैच खेले गए हैं। इसमें भारत ने 16 मुकाबले जीते हैं। वहीं, न्यूजीलैंड ने 11 में जीत दर्ज की है। लेकिन एक दिलचस्प आंकड़ा यह भी है कि टी20 विश्वकप में भारत आज तक न्यूजीलैंड को नहीं हरा पाया। टी20 विश्वकप में दोनों टीमों के बीच 3 मैच हुए हैं और तीनों न्यूजीलैंड ने जीते हैं।

Related to this topic: