भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में अहमदाबाद की पिच और ओस बड़ा रोल निभा सकती है। जानिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और टॉस का महत्व।
अहमदाबाद। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। दोनों टीमें खिताब से बस एक कदम दूर हैं, लेकिन इस मुकाबले में सिर्फ खिलाड़ियों का प्रदर्शन ही नहीं बल्कि पिच और मौसम भी बड़ा रोल निभा सकते हैं। क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि आज टॉस बेहद अहम हो सकता है। अहमदाबाद में अक्सर चेज करना थोड़ा मुश्किल माना जाता है, लेकिन शाम को ओस पड़ने की वजह से रणनीति पूरी तरह बदल सकती है।
काली मिट्टी की पिच पर बनते हैं बड़े स्कोर
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दो तरह की पिचें तैयार की जाती हैं काली मिट्टी और लाल मिट्टी की। काली मिट्टी की पिच आम तौर पर काफी सपाट होती है और इसमें गेंद अच्छे से उछाल लेती है। ऐसे में बल्लेबाजों को शॉट खेलने में आसानी होती है और पावर हिटर्स के लिए रन बनाना आसान हो जाता है। यही वजह है कि यहां कई हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले हैं।
लाल मिट्टी की पिच स्पिनरों को देती है मदद
काली मिट्टी के उलट लाल मिट्टी की पिच गर्मी में जल्दी टूटने लगती है। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, स्पिन गेंदबाजों को इसमें ज्यादा टर्न और ग्रिप मिलने लगती है। ऐसे में भारत के वरुण चक्रवर्ती या न्यूजीलैंड के मिचेल सेंटनर जैसे स्पिनर मैच के बीच के ओवरों में अहम साबित हो सकते हैं।
मिक्स्ड सॉइल पिच पर होगा फाइनल
रिपोर्ट्स के मुताबिक फाइनल मैच के लिए मिक्स्ड सॉइल यानी मिश्रित मिट्टी की पिच तैयार की गई है, जिसमें लाल मिट्टी का प्रतिशत थोड़ा ज्यादा बताया जा रहा है। इस तरह की पिच पर बल्लेबाजों को अच्छी बाउंस मिलती है और बड़े शॉट खेलने में मदद मिलती है, लेकिन मैच आगे बढ़ने पर स्पिनरों की भूमिका भी बढ़ सकती है।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम का टी20 रिकॉर्ड
अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम कई यादगार टी20 मुकाबलों का गवाह रहा है। इस मैदान पर पहला टी20 इंटरनेशनल मैच 28 दिसंबर 2012 को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया था। अब तक यहां 14 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जा चुके हैं और भारत-न्यूजीलैंड का फाइनल इस मैदान का 15वां मैच होगा।
टॉस का फैसला बदल सकता है रणनीति
शाम के मुकाबलों में ओस की वजह से अक्सर चेज करना आसान हो जाता है। हालांकि पिच के हाई-स्कोरिंग नेचर को देखते हुए कप्तान टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी भी चुन सकता है। आईपीएल 2025 के दौरान इस मैदान पर खेले गए 8 मैचों में से 6 मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते थे, हालांकि कुछ सफल चेज भी देखने को मिले।
ओस निभा सकती है बड़ी भूमिका
मौसम रिपोर्ट के अनुसार शाम को काफी ओस पड़ने की संभावना है। माना जा रहा है कि रात करीब 8:30 बजे के आसपास ओस का असर थोड़ा कम होगा। अगर टॉस जीतकर कोई टीम पहले गेंदबाजी चुनती है, तो दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते समय गेंद बल्ले पर आसानी से आएगी और बड़े लक्ष्य का पीछा करना थोड़ा आसान हो सकता है।
स्पिनरों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं
ओस पड़ने पर गेंद गीली हो जाती है, जिससे स्पिन गेंदबाजों को ग्रिप मिलने में दिक्कत होती है। अगर भारत टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करता है, तो बाद में न्यूजीलैंड के स्पिनरों को गीली गेंद के साथ गेंदबाजी करनी पड़ सकती है, जिसका फायदा भारतीय बल्लेबाज उठा सकते हैं।