T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच से पीछे हटने पर ICC ने पाकिस्तान से मांगा जवाब

X
By - Swadesh Bhopal |7 Feb 2026 7:30 PM IST
Reading Time: T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच न खेलने पर ICC ने PCB से फोर्स मेज्योर क्लॉज पर सफाई मांगी, सबूत और जवाब तलब।
नई दिल्ली। आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार करने को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से कड़ा जवाब मांगा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने साफ तौर पर पूछा है कि आखिर किस आधार पर पाकिस्तान ने फोर्स मेज्योर क्लॉज का हवाला देकर केवल भारत के खिलाफ मुकाबले से हटने का फैसला किया, जबकि वह टूर्नामेंट के बाकी मैच खेलने को तैयार है ICC का कहना है कि किसी एक मुकाबले से पीछे हटना, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में बने रहना, वैश्विक प्रतियोगिता की मूल भावना के खिलाफ है और इसे सिर्फ सरकारी निर्देश बताकर जायज़ नहीं ठहराया जा सकता।
सरकार के निर्देश का हवाला, ICC ने उठाए सवाल
कुछ दिन पहले PCB ने आधिकारिक रूप से ICC को पत्र लिखकर कहा था कि वह 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले में हिस्सा नहीं ले पाएगा। PCB ने इसके पीछे पाकिस्तान सरकार के एक पोस्ट का हवाला दिया था, जिसमें टीम को भारत के खिलाफ मैच न खेलने का निर्देश बताया गया। हालांकि, ICC ने अब PCB से यह स्पष्ट करने को कहा है कि जब टीम बाकी मुकाबले खेलने को तैयार है, तो केवल एक मैच से हटने के लिए फोर्स मेज्योर क्लॉज कैसे लागू किया जा सकता है।
क्या होता है फोर्स मेज्योर क्लॉज?
फोर्स मेज्योर एक संविदात्मक प्रावधान होता है, जिसके तहत युद्ध, प्राकृतिक आपदा, सरकारी प्रतिबंध या आपात स्थिति जैसी असाधारण परिस्थितियों में किसी पक्ष को अपने दायित्व से अस्थायी राहत मिल सकती है। ICC ने स्पष्ट किया है कि इस क्लॉज को लागू करने के लिए यह साबित करना जरूरी होता है कि परिस्थिति अप्रत्याशित, अनिवार्य और अपरिहार्य थी, और संबंधित पक्ष ने हालात को संभालने के लिए हर संभव प्रयास किया। केवल राजनीतिक असहमति या सुविधा के आधार पर इसका इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं माना जाता।
ICC ने PCB से मांगे ठोस सबूत
ICC ने PCB से यह भी पूछा है कि उसने हालात को संभालने के लिए क्या प्रयास किए, क्या किसी वैकल्पिक समाधान पर विचार किया गया, या क्या किसी तरह की छूट मांगी गई थी। वैश्विक क्रिकेट संस्था ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर फोर्स मेज्योर का दावा गलत पाया गया, तो पाकिस्तान पर अनुबंध उल्लंघन, आर्थिक हर्जाना और अनुशासनात्मक कार्रवाई तक हो सकती है।
मैच बहिष्कार से नाराज ICC
ICC ने अपने पत्र में यह भी कहा है कि केवल एक टीम या एक मुकाबले का बहिष्कार करना टूर्नामेंट की निष्पक्षता, व्यावसायिक समझौतों और खेल की साख को नुकसान पहुंचाता है। इस तरह का कदम PCB को कानूनी और प्रशासनिक मुश्किलों में डाल सकता है। ICC के एक अधिकारी के अनुसार, PCB ने ICC की चिट्ठी मिलने के बाद दोबारा बातचीत की पहल की है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच संवाद चल रहा है, ताकि किसी समाधान पर पहुंचा जा सके। ICC सूत्रों का कहना है कि इस मामले में वही प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जो पहले बांग्लादेश के साथ अपनाई गई थी ।
Next Story
