Asia Cup: हॉकी इंडिया ने फैंस को दिया बड़ा तोहफा, राजगीर में एशिया कप में मिलेगा निशुल्क प्रवेश

Asia Cup 2025 Hockey India: हॉकी फैंस के लिए खुशखबरी है। हॉकी इंडिया ने गुरुवार को घोषणा की कि 29 अगस्त से बिहार के राजगीर में शुरू हो रहे एशिया कप में दर्शकों को मुफ्त प्रवेश मिलेगा। हॉकी इंडिया के बयान के अनुसार, प्रशंसक हॉकी इंडिया ऐप या WWW.TicketGenie.in के माध्यम से मुफ्त टिकट हासिल कर सकते हैं और पूरी प्रक्रिया पूरी करने पर उन्हें वर्चुअल टिकट प्राप्त होगा।
हीरो पुरुष एशिया कप में आठ टीमें
हीरो पुरुष एशिया कप में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें भारत, जापान, चीन, कजाखस्तान, मलेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे शामिल हैं। यह टूर्नामेंट 2026 में नीदरलैंड और बेल्जियम में होने वाले हॉकी विश्व कप के लिए क्वालिफायर भी है। भारत को पूल ए में जापान, चीन और कजाखस्तान के साथ रखा गया है। भारत का पहला मुकाबला 29 अगस्त को चीन के खिलाफ, दूसरा 31 अगस्त को जापान के खिलाफ और तीसरा 1 सितंबर को कजाखस्तान के खिलाफ खेला जाएगा।
भारत ने आखिरी एशिया कप खिताब 2017 में जीता
मौजूदा ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और एशिया की नंबर एक टीम भारत ने पिछला एशिया कप खिताब 2017 में ढाका में जीता था। उस फाइनल में भारत ने मलयेशिया को 2-1 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। इसके बाद 2022 में जकार्ता में खेले गए एशिया कप में भारतीय टीम दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बाद तीसरे स्थान पर रही थी।
पूर्व खिलाड़ियों ने भारत को एशिया कप का प्रबल दावेदार बताया
हॉकी के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का मानना है कि भारत बिहार के राजगीर में होने वाले आगामी पुरुष एशिया कप को जीतने और अगले साल बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने का प्रबल दावेदार है। 1975 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान अजीतपाल सिंह ने हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली टीम की तारीफ करते हुए उन्हें मजबूत दावेदार बताया, लेकिन साथ ही खिलाड़ियों को आत्ममुग्धता से बचने की चेतावनी भी दी।
खेल मंत्री ने एशिया कप 2025 ट्रॉफी का किया अनावरण
खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने एशिया कप 2025 ट्रॉफी का भव्य अनावरण किया, जिससे टूर्नामेंट की उल्टी गिनती आधिकारिक रूप से शुरू हो गई। इस अवसर पर तीन बार के ओलंपिक पदक विजेता हरबिंदर सिंह और हॉकी के पूर्व महान खिलाड़ी अशोक ध्यानचंद भी मौजूद रहे।
