99 साल बाद इतिहास रचा: इस देश को मिला पहला Wimbledon चैंपियन, अमेरिकी खिलाड़ी को हराकर जीती ट्रॉफी

Iga Swiatek Wimbledon 2025: पोलैंड की टेनिस स्टार इगा स्वियातेक (Iga Swiatek) ने विम्बलडन 2025 में इतिहास रच दिया है। उन्होंने महिला एकल फाइनल में अमेरिका की अमांडा एनिसिमोवा को सीधे सेटों में 6-0, 6-0 से हराकर अपने करियर का पहला विम्बलडन और कुल छठा ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिया। यह जीत पोलैंड के लिए भी ऐतिहासिक रही, क्योंकि देश को 99 साल बाद पहला विम्बलडन चैंपियन मिला है।
पोलैंड को दिलाया पहला विम्बलडन खिताब
इगा स्वियातेक (Iga Swiatek) टेनिस इतिहास में विम्बलडन खिताब जीतने वाली पोलैंड की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। अब तक उन्हें राफेल नडाल की तरह क्ले कोर्ट स्पेशलिस्ट माना जाता था। फ्रेंच ओपन में उनके चार खिताब इसकी मिसाल हैं। अब उन्होंने ग्रास कोर्ट पर भी अपनी श्रेष्ठता साबित कर दी है। विम्बलडन 2025 का ताज जीतकर स्वियातेक ने दिखा दिया है कि वे हर सतह पर चैंपियन बनने की काबिलियत रखती हैं।
ऐतिहासिक जीत के साथ स्वियातेक ने रचा नया अध्याय
फाइनल में इगा स्वियातेक (Iga Swiatek) की शुरुआत से ही आक्रामक रणनीति साफ दिखी। उन्होंने महज 26 मिनट में पहला सेट 6-0 से अपने नाम कर लिया, जबकि 23 वर्षीय अमेरिकी खिलाड़ी अमांडा एनिसिमोवा पूरी तरह दबाव में नजर आईं। जैसे ही स्वियातेक ने मैच प्वाइंट जीता, वह खुशी से कोर्ट पर बैठ गईं । महिला प्रोफेशनल टेनिस की शुरुआत 1926 में हुई थी। 99 साल बाद 2025 में पहली बार पोलैंड की किसी महिला खिलाड़ी ने विम्बलडन का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।
विम्बलडन में पहली बार पार किया क्वार्टरफाइनल
इगा स्वियातेक का ग्रैंड स्लैम फाइनल में अब तक का सफ़र बेहद ख़ास रहा है। उन्होंने अब तक कुल 6 ग्रैंड स्लैम फाइनल खेले हैं। उन्होंने सभी में जीत हासिल की है, यानी उनका रिकॉर्ड अब भी 100 प्रतिशत है। बता दें कि इससे पहले वह विंबलडन में कभी क्वार्टर फ़ाइनल से आगे नहीं बढ़ पाई थीं, लेकिन इस बार उन्होंने न सिर्फ़ यह बाधा पार की, बल्कि ट्रॉफी जीतकर इतिहास भी रच दिया।
