क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर, 15 फरवरी को भारत-पाक मुकाबला तय, जानें मैच का समय

क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर, 15 फरवरी को भारत-पाक मुकाबला तय, जानें मैच का समय
X
भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खबर है। 15 फरवरी को एशिया कप राइजिंग स्टार विमेंस मुकाबला दोपहर 12:30 बजे खेला जाएगा।

नई दिल्लीः आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत हो चुकी है। इसके पहले ही मैच से टूर्नामेंट में रोमांच देखने को मिला। पहले मुकाबले में पाकिस्तान टीम नीदरलैंड से मुश्किल से जीत पाई। इसी बीच क्रिकेट फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि 15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान का मुकाबला होगा या नहीं।

इस सवाल का जवाब है कि फिलहाल दोनों के बीच मुकाबले को लेकर चर्चाएं चल रही है। वहीं, 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान आमने-सामने जरूर होंगे, हालांकि यह मुकाबला मेंस नहीं बल्कि विमेंस क्रिकेट में खेला जाएगा।

मेंस मुकाबले पर सस्पेंस, लेकिन विमेंस मैच पक्का

टी20 वर्ल्ड कप में मेंस क्रिकेट के भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर अब भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इसे लेकर बैक-डोर मीटिंग्स जारी हैं और आईसीसी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

हालांकि, पाकिस्तान सरकार के इनकार के बावजूद भारतीय टीम ने साफ कर दिया है कि वह तय शेड्यूल के अनुसार कोलंबो रवाना होगी। टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी पुष्टि की है कि यात्रा की तैयारियां पूरी हैं।

विमेंस क्रिकेट में होगा महामुकाबला

जहां मेंस क्रिकेट में सस्पेंस बना हुआ है, वहीं विमेंस क्रिकेट में भारत-पाकिस्तान मुकाबला पूरी तरह तय है। रविवार, 15 फरवरी को दोनों टीमें एशिया कप राइजिंग स्टार टूर्नामेंट में एक-दूसरे से भिड़ेंगी। इस मुकाबले को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है और इसे मिनी महामुकाबला माना जा रहा है।

एशिया कप राइजिंग स्टार 2026 में टक्कर

भारत ए और पाकिस्तान ए की विमेंस टीमें एशिया कप राइजिंग स्टार 2026 में आमने-सामने होंगी। यह टूर्नामेंट 13 फरवरी से 22 फरवरी के बीच खेला जाएगा, जिसमें युवा और उभरती खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगी।

कब और कितने बजे शुरू होगा मैच?

भारत और पाकिस्तान के बीच यह विमेंस मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 12:30 बजे शुरू होगा। मैच का टॉस आधा घंटा पहले यानी दोपहर 12 बजे होगा।

कप्तानों पर रहेंगी नजरें

इंडिया ए विमेंस टीम की कप्तानी ऑलराउंडर राधा यादव संभाल रही हैं, जबकि पाकिस्तान ए टीम की कमान उम्म-ए-हानी के हाथों में है। दोनों टीमें कागजों पर संतुलित नजर आ रही हैं, ऐसे में फैंस को एक कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

कहां देखें लाइव मैच?

भारत-पाकिस्तान विमेंस मुकाबले का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग के लिए दर्शक सोनी लिव ऐप का सहारा ले सकते हैं।

Tags

Next Story