इंडिया-न्यूजीलैंड 5वां T20: ईशान की सेंचुरी, अर्शदीप का पंजा; भारत 4-1 से सीरीज जीती

नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज का शानदार अंत किया। तिरुवनंतपुरम में खेले गए पांचवें और आखिरी टी-20 मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 46 रन से हराकर सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मिलकर न्यूजीलैंड को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया। ईशान किशन ने महज 42 गेंदों में अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा। उन्होंने 43 गेंदों पर 6 चौके और 10 छक्कों की मदद से 103 रनों की तूफानी पारी खेली। कप्तान सूर्या ने भी उनका शानदार साथ निभाते हुए 30 गेंदों में 63 रन बनाए। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 57 गेंदों में 137 रनों की विस्फोटक साझेदारी हुई।
दमदार बैटिंग से विशाल स्कोर
इन दमदार पारियों की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 271 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का सबसे बड़ा टी-20 स्कोर रहा।
फील्डिंग में गेंदबाजों का तूफान
272 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। फिन एलन ने 38 गेंदों पर 80 रन बनाकर एकतरफा मुकाबले में जान डालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें ज्यादा साथ नहीं मिला।
अर्शदीप के पंजे में कीवी ढेर
भारतीय गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके। अक्षर पटेल ने 3 विकेट अपने नाम किए, जबकि वरुण चक्रवर्ती और रिंकू सिंह को 1-1 सफलता मिली। रिंकू सिंह ने आखिरी ओवर में न्यूजीलैंड का अंतिम विकेट लेकर मैच पर मुहर लगा दी। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 225 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ मुकाबला जीता, बल्कि 4-1 से सीरीज भी अपने नाम कर ली। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग—तीनों ही विभागों में टीम इंडिया का प्रदर्शन शानदार रहा और वर्ल्ड कप से पहले यह जीत आत्मविश्वास बढ़ाने वाली साबित हुई।
