ICC का पाकिस्तान को फाइनल अल्टीमेटम, भारत-पाक मैच पर नहीं मानी तीनों शर्तें

ICC का पाकिस्तान को फाइनल अल्टीमेटम, भारत-पाक मैच पर नहीं मानी तीनों शर्तें
X
भारत-पाक मैच विवाद में ICC ने पाकिस्तान की सभी शर्तें ठुकरा दी है। साथ ही 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। बांग्लादेश को राहत मिल सकती है।

नई दिल्लीः आईसीसी मेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर जारी विवाद के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तान की सभी शर्तों को सिरे से खारिज कर दिया है। आईसीसी ने साफ कर दिया है कि वह न तो भारत पर किसी तरह का दबाव बनाएगा और न ही पाकिस्तान या बांग्लादेश की अतिरिक्त मांगों को स्वीकार करेगा। साथ ही पाकिस्तान को अंतिम फैसला लेने के लिए एक दिन का अल्टीमेटम भी दे दिया गया है।

इस पूरे घटनाक्रम में बांग्लादेश को लेकर आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि उसे किसी भी तरह से दंडित नहीं किया जाएगा। आईसीसी रेवेन्यू मॉडल के तहत बांग्लादेश को उसका तय हिस्सा मिलता रहेगा, भले ही वह मौजूदा टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुका हो। सूत्रों के मुताबिक यह फैसला आईसीसी ने स्वतंत्र रूप से लिया है और इसमें किसी अन्य क्रिकेट बोर्ड का दबाव शामिल नहीं है।

बांग्लादेश को मेजबानी देने पर विचार

आईसीसी ने यह भी स्वीकार किया है कि बांग्लादेश को पिछले साल महिला टी-20 वर्ल्ड कप की मेजबानी से वंचित होना पड़ा था। देश में हुए दंगों के कारण टूर्नामेंट को बांग्लादेश से हटाकर दुबई शिफ्ट किया गया था। इसी नुकसान को ध्यान में रखते हुए आईसीसी अब अगले चक्र में बांग्लादेश को किसी बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी देने पर विचार कर रहा है। सूत्रों के अनुसार अंडर-19 वर्ल्ड कप जैसे किसी आईसीसी इवेंट की मेजबानी बांग्लादेश को सौंपी जा सकती है।

पाकिस्तान की मांगों पर आईसीसी का दो टूक जवाब

पाकिस्तान ने आईसीसी से पहली शर्त रखी कि ICC की कुल कमाई में पाकिस्तान का हिस्सा बढ़ाया जाए।

भारत और पाकिस्तान के बीच बाइलेट्रल क्रिकेट सीरीज बहाल कराया जाए।

इसके अलावा तीसरी शर्त थी कि मैदान पर हैंडशेक प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू किया जाए।

बैठक के दौरान पाकिस्तान और बांग्लादेश की ओर से यह मांग उठाई गई कि आईसीसी भारत से पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज खेलने के लिए कहे। इस मांग को आईसीसी ने साफ तौर पर खारिज कर दिया। परिषद का कहना है कि द्विपक्षीय सीरीज उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आतीं और वह इस तरह के मामलों में हस्तक्षेप नहीं कर सकता।

त्रिकोणीय सीरीज कराने का प्रपोजल कैंसिल

इसी आधार पर भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच त्रिकोणीय सीरीज कराने के प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया गया। आईसीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह किसी देश को किसी अन्य देश के दौरे के लिए बाध्य नहीं कर सकता। भारत से बांग्लादेश दौरे की मांग को भी इसी कारण नामंजूर कर दिया गया है।

पाकिस्तान को मिला फाइनल अल्टीमेटम

लाहौर में हुई लंबी बैठक के बाद भी पाकिस्तान ने 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच पर तत्काल निर्णय नहीं लिया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नक़वी ने कहा कि वह इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ से सलाह करेंगे।

इसके बाद आईसीसी ने पाकिस्तान को 24 घंटे का समय दिया है। सूत्रों के अनुसार भारत-पाक मैच को लेकर अंतिम फैसला किसी भी वक्त लिया जा सकता है। आईसीसी की ओर से आधिकारिक घोषणा आज शाम या बुधवार सुबह तक होने की संभावना है।

आईसीसी को सता रही इस बात की चिंता

आईसीसी की सबसे बड़ी चिंता भारत-पाकिस्तान मुकाबले से जुड़ा रेवेन्यू है। यह मैच विश्व क्रिकेट का सबसे बड़ा कमाई वाला मुकाबला माना जाता है। यदि यह मैच नहीं होता है, तो इसका असर सिर्फ आईसीसी ही नहीं, बल्कि सभी सदस्य बोर्डों की सालाना आय पर पड़ेगा। इसी वजह से आईसीसी टूर्नामेंट की स्थिरता और वित्तीय संतुलन बनाए रखने पर जोर दे रहा है।

Tags

Next Story