FIDE Chess World Cup: भारत में पहली बार होगा शतरंज वर्ल्ड कप का आयोजन, 23 साल बाद मिली मेजबानी की जिम्मेदारी

FIDE Chess World Cup
X

FIDE Chess World Cup

India To Host FIDE Chess World Cup 2025: इंटरनेशनल चेस फेडरेशन (FIDE) ने वर्ल्ड कप 2025 की मेजबानी भारत को सौंपी है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 30 अक्टूबर से 27 नवंबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा। FIDE वर्ल्ड कप की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार इस टूर्नामेंट में खिलाड़ी खिताब के साथ-साथ 2026 FIDE कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में क्वालिफाई करने के लिए भी प्रतिस्पर्धा करेंगे।

भारत को मिली FIDE वर्ल्ड कप 2025 की मेजबानी

इंटरनेशनल चेस फेडरेशन (FIDE) ने वर्ल्ड कप 2025 की मेजबानी भारत को सौंपी है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 30 अक्टूबर से 27 नवंबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा। इस टूर्नामेंट में खिलाड़ी खिताब के साथ-साथ 2026 FIDE कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में क्वालिफाई करने के लिए भी प्रतिस्पर्धा करेंगे।

नॉकआउट फॉर्मेट में होगा मुकाबला

FIDE वर्ल्ड कप 2025 नॉकआउट फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें हर राउंड में हारने वाला खिलाड़ी टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनियाभर से कुल 206 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। टूर्नामेंट के शीर्ष तीन खिलाड़ी सीधे 2026 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई करेंगे, जो विश्व शतरंज चैंपियनशिप के अगले चैलेंजर को तय करेगा।

आनंद से लेकर गुकेश तक चमके भारतीय सितारे

भारत ने बीते वर्षों में अंतरराष्ट्रीय शतरंज में खुद को एक बड़ी ताकत के रूप में स्थापित किया है। इस क्रांति की नींव पांच बार के विश्व चैंपियन और मौजूदा FIDE उपाध्यक्ष विश्वनाथन आनंद ने रखी। उनकी प्रेरणा से आज भारत के कई युवा खिलाड़ी वर्ल्ड स्टेज पर देश का परचम लहरा रहे हैं।

इनमें सबसे प्रमुख नाम डी. गुकेश का है, जिन्होंने महज 18 साल की उम्र में सबसे कम उम्र के FIDE विश्व शतरंज चैंपियन बनने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किया।

2024 रहा भारतीय शतरंज के लिए ऐतिहासिक

प्रग्गनानंधा आर ने 2023 FIDE वर्ल्ड कप में उपविजेता बनकर देश का गौरव बढ़ाया, जबकि अर्जुन एरिगैसी मौजूदा विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर हैं। 2024 भारतीय शतरंज के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। इसी साल भारत की पुरुष और महिला टीमों ने पहली बार शतरंज ओलंपियाड में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। व्यक्तिगत स्तर पर भी भारत के कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

डी. गुकेश, अर्जुन एरिगैसी, दिव्या देशमुख और रौनक अग्रवाल ने व्यक्तिगत श्रेणी में गोल्ड मेडल हासिल किए। कोनेरु हम्पी ने 2024 FIDE महिला रैपिड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता। वहीं वैशाली रमेशबाबू को महिला ब्लिट्ज चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल मिला।

भारत बनता जा रहा है अंतरराष्ट्रीय शतरंज आयोजनों का प्रमुख केंद्र

पिछले कुछ वर्षों में भारत ने शतरंज टूर्नामेंट्स के आयोजन में भी अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। इसकी शुरुआत 2022 में FIDE शतरंज ओलंपियाड की सफल मेजबानी से हुई थी। इसके बाद देश में टाटा स्टील चेस, FIDE वर्ल्ड जूनियर अंडर-20 चैंपियनशिप 2024 और महिला वर्ग में FIDE विमेन ग्रां प्री 2025 की पांचवीं लेग का आयोजन किया गया।

Tags

Next Story