Home > विशेष आलेख > फिल्मी दुनिया को भा रहा है महेश्वर घाट

फिल्मी दुनिया को भा रहा है महेश्वर घाट

विवेक पाठक

फिल्मी दुनिया को भा रहा है महेश्वर घाट
X

नर्मदा नगरी के पावन दर्शन कर स्नान और नौका विहार का आनंद लेना हो तो सूबे का महेश्वर घाट बहुत खूबसूरत जगह है। यह ऐतिहासिक जगह अब हिन्दी सिनेमा को भी खूब भा रही है। इन दिनों यशराज बैनर महेश्वर में विक्की कौशल और पूर्व विश्व सुंदरी मानुषी छिल्लर के साथ डेरा डाले हुए हैं। यहां हो रही फिल्म शूटिंग पूरे मध्यप्रदेश में चर्चा का विषय बनी हुई है।

खरगोन जिले का महेश्वर मध्यप्रदेश के अपने प्रदेश के कलाकारों और पर्यटन क्षेत्र को फीलगुड करा रहा है। यह क्षेत्र नर्मदा के अप्रतिम सौन्दर्य के कारण काफी प्रसिद्ध है। इसके साथ ही महेश्वर घाट का ऐतिहासिक स्वरुप यहां का एक अद्भुत नजारा प्रस्तुत करता है जिस कारण से यहां फिल्मों की शूटिंग का सिलसिला काफी पुराना है।

यहां काफी साल पहले अभिनेता सचिन की फिल्म आराधना की शूटिंग हुई थी। महेश्वर घाट पर नृत्य करते हुए सचिन को आज भी आप ट्यूब पर साधना फिल्म के जरिए देख सकते हैं। यहां नर्मदा किनारे फिल्मांकन फिल्मकारों को इस कदर पसंद है कि मध्यप्रदेश के दूसरे शहरों की तुलना में यहां फिल्मी दुनिया का आना जाना ज्यादा ही होता रहता है। महेश्वर के प्रति फिल्मी दुनिया के इस अनुराग को मध्यप्रदेश सरकार ने भी पहचान लिया है इस वजह से मध्यप्रदेश सरकार का मध्यपद्रेश पर्यटन निगम एवं उसके अंतर्गत मध्यप्रदेश फिल्म प्रोत्साहन बोर्ड यहां फिल्मों की शूटिंग के लिए निरंतर वातावरण बना रहा है। मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार ने इस दिशा में पिछले तीन कार्यकालों में लगातार प्रयास किए हैं। यहां फिल्मों की शूटिंग की अनुमति प्रकिया आसान की गई है। फिल्म यूनिट को ठहरने, उनकी सुविधा और सुरक्षा के लिए इंतजाम के लिए प्रशासन का मानस बनाया गया है। इस संबंध में शासन की फिल्म प्रोत्साहन नीति का ही असर है कि यहां का प्रशासन फिल्मी दुनिया के लिए मित्रवत हुआ है। वह यहां फिल्मो की शूटिंग के लिए आमंत्रण देता है, जरुरी इंतजाम करता है और समस्याओं का समाधान करता है। महेश्वर को लेकर मध्यप्रदेश सरकार, पर्यटन विकास निगम एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से अब यह क्षेत्र मुंबई के फिल्मकारों के लिए मध्यप्रदेश में पसंदीदा बना हुआ है।

यहां कंगना रनौत की देशप्रेम को समर्पित मणिकर्णिका फिल्म की शूटिंग की गई। इस शूटिंग में बनारस के मणिकर्णिका घाट को फिल्म में महेश्वर में शूटिंग के जरिए फिल्माया गया। कह सकते हैं कि कंगना रनौत और उनकी टीम ने संभवत बनारस की तुलना में महेश्वर में शूटिंग को अधिक सुविधाजनक महसूस किया होगा। सलमान खान ने दबंग 3 फिल्म में जो नृत्य किया है वो महेश्वर के इसी घाट पर उन्होंने किया है। सोनाक्षी सिन्हा भी तेवर फिल्म में महेश्वर घाट पर ही तेवर दिखाकर गयी हैं। फिल्म की रात के समय शूटिंग की गई और उस गाने में महेश्वर के इस किले को काफी आकर्षक ढंग से सजाया गया था। अक्षय कुमार भी महेश्वर के घाट पर गाना गा चुके हैं। महिलाओं के सैनेटरी पैड्स पर आधारित उनकी फिल्म पैडमैन की शूटिंग महेश्वर में कई दिन तक हुई थी। आज से मेरी सारी रतियां तेरी हो गयीं गीत बार बार पर्दे पर महेश्वर के सौन्दर्य को हमें दिखाता है।

अब एक बार फिर घर परिवार और नाते रिश्तों की फिल्मों से सुगंध बिखेरने वाला यशराज बैनर यहां आया है। मध्यप्रदेश फिल्म बोर्ड के अधिकारी रामकुमार तिवारी कहते हैं कि मध्यप्रदेश के महेश्वर की मुंबई सिने दुनिया में प्रसिद्धि जारी है। अब यहां

विक्की कौशल और मानुषी छिल्लर की फिल्म को शूट किया जा रहा है और जल्द ही कुछ नयी शूटिंग यूनिट यहां आने वाली हैं तो तब तक आप इंतजार कीजिए। जल्द ही आपको पर्दे पर एक बार फिर अपने मध्यप्रदेश को निहारने का मौका मिलेगा।

Updated : 7 Feb 2021 10:24 AM GMT
author-thhumb

Swadesh News

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top