मानव कल्याण की श्रेष्ठ ज्ञान निधि गीता प्रेस

डॉ. रामकिशोर उपाध्याय
गीता प्रेस गोरखपुर को निस्वार्थ सेवा के सौ वर्ष पूर्ण होने पर केंद्र सरकार द्वारा गांधी शांति पुरस्कार (2021) दिए जाने की घोषणा से देश-विदेश में रहने वाला हिन्दू समाज खुशी मना रहा है। ऐसा होना स्वाभाविक भी है, क्योंकि सैकड़ों वर्षों तक विदेशी आक्रान्ता हमारे धार्मिक ग्रंथों को नष्ट करते रहे। मुहम्मदवादियों ने अधिकांश मंदिरों और पुस्तकालयों को आग लगा दी तो अंग्रेजों ने गुरुकुल बंद कराके हमें अपनी जड़ों से काट दिया। स्थिति यहां तक पहुंच गई कि हिन्दुओं के देश में बाइबिल और कुरान तो चाहे जहां से ले लो किन्तु हिन्दू धर्म ग्रंथों जैसे वेद, उपनिषद्,पुराण आदि की बात मत करो! भारतीय जीवन का आधार या भारत की पहचान कहे जाने वाले ग्रन्थ गीता और रामायण तक जनसाधारण को मिल पाना कदाचित असंभव जैसा हो गया था। ऐसे कठिन समय में श्री जयदयाल गोयन्दका और श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार जैसे महापुरुषों ने सन 1923 में गीता प्रेस गोरखपुर की स्थापना की।
इस प्रेस ने अनेक कठिन और प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करते हुए पूरे देश को बिना लाभ कमाए अत्यंत कम मूल्य पर सनातन ग्रन्थ उपलब्ध कराने का कार्य आरंभ किया। अनेक स्वामी रामसुख दास जी जैसी महान विभूतियों ने बिना रोयल्टी लिए कठिन साधना द्वारा महान ग्रंथों के अनुवाद प्रस्तुत किए। आज लगभग प्रत्येक आस्तिक हिन्दू घर में गीता, रामायण, हनुमान चालीसा सहित अनेक धार्मिक पुस्तकें या इनमें से कोई एक पुस्तक तो अवश्य ही पहुंच चुकी है। इस व्यावसायिक युग में भी यह प्रेस बिना किसी चंदे,सरकारी सहायता और बिना विज्ञापन के सनातन धर्म की सेवा में लगी हुई है। गीता प्रेस के कल्याण के अंक तो मानव जाति के लिए श्रेष्ठ ज्ञान निधि हैं। इस प्रेस द्वारा केवल धार्मिक ही नहीं अपितु बच्चों और महिलाओं के लिए भी अनेक शिक्षाप्रद पुस्तकें प्रकाशित की जाती हैं। पिछले सौ वर्षों से करोड़ों हिन्दुओं की सेवा करने वाली,गीता के महान संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने वाली इस प्रेस को जैसे ही गांधी शांति पुरस्कार देने की घोषणा हुई तो कुछ विघ्न संतोषियों को यह बात हजम नहीं हुई। यह कैसी असहिष्णुता है कि जीवन पर्यंत ईसाईयत का प्रचार करने वाली और सेवा की आड़ में धर्मान्तरण कराने वाली रोमन कैथोलिक नन मदर टेरेसा को देश का सर्वोच्च सम्मान भारतरत्न मिलने पर जो लोग नाच रहे थे वे गीता प्रेस के सम्मानित होने पर छाती पीट रहे हैं। आखिर ये लोग भारत में भारतीय जीवन मूल्यों का प्रचार करने वाली संस्था के शत्रु क्यों बने हुए हैं? जयराम रमेश जैसे लोग गीता प्रेस गोरखपुर का विरोध करके न केवल कांग्रेस की जड़ों में मठ्ठा डालने का काम कर रहे हैं अपितु स्वयं की भी थुक्का फजीहत करा रहे हैं। ध्यान रहे यह संस्था कांग्रेस,भाजपा, सपा या किसी सरकार से कोई सहायता नहीं लेती उसकी स्वतंत्रता और स्वीकार्यता सभी दलों के लोगों में है। यह संस्था विश्व का कल्याण करने वाले,संसार को अच्छाई और सच्चाई का मार्ग दिखाने वाले साहित्य का प्रकाशन और वितरण करने का काम करने वाली महान संस्था हैं। गीता प्रेस गोरखपुर का विरोध एक गहरे षड्यंत्र का हिस्सा है। चूंकि कम्युनिस्ट लोग भारतीय धर्म,भारतीय संस्कृति और भारतीय जीवन मूल्यों के धुर विरोधी हैं। इसलिए वे इसके जानी दुश्मन हैं। धर्मान्तरण में संलग्न ईसाई और इस्लामिस्ट लोगों का विरोध तो जग जाहिर है किन्तु कुछ कांग्रेसी नेता इस विरोध का कलंक अपने और अपनी पार्टी के माथे क्यों मढ़ना चाहते हैं? प्रत्येक हिन्दू कांग्रेसी कार्यकर्ता के लिए यह चिंता का विषय है। क्या केवल वोट के लिए जयराम रमेश जिस पुस्तक की आड़ में गीता प्रेस को गांधी जी का विरोधी सिद्ध करना चाहते हैं वास्तव में वह पुस्तक एक झूठ का पुलिंदा है। कम्युनिस्ट पत्रकार अक्षय मुकुल की उस पुस्तक का नाम है 'गीता प्रेस एंड द मेकिंग ऑफ हिन्दू इण्डियाÓ इस पुस्तक के शीर्षक से ही स्पष्ट है कि लेखक के भीतर हिन्दू शब्द के प्रति कितनी नफरत भरी हुई है। उसे विश्व के कल्याण के साहित्य में से हिन्दू राष्ट्र बनता दिखाई दे रहा है। कम्युनिस्ट लोग जानते हैं कि यह प्रेस निस्वार्थ भाव से हिन्दू धर्म और मानवता की सेवा में लगी हुई है। गीता प्रेस गीता,रामायण,उपनिषद जैसे लोक कल्याण और विश्व शांति के महान ग्रंथों को सस्ते मूल्य पर घर-घर पहुंचा कर भारतीय समाज को उसकी जड़ों से जोड़े हुए है। इसलिए पहले इसे बदनाम करो फिर विवादित करो और बाद में प्रतिबंधित कराने की मांग करो। जैसे भी हो इस महान कार्य को बाधित करो इसलिए यह सब सोची समझी रणनीति के अनुसार किया जा रहा है। जैसा कि कम्युनिस्ट लेखक फर्जी इतिहास लिखने और झूठे नेरेटिव गढ़ने में सिद्धहस्त होते हैं, ठीक वैसे ही इस पुस्तक में कई फर्जी और काल्पनिक तथ्यों का सहारा लिया गया है।
(लेखक अ.भा.कवि एवं स्तंभकार हैं)
