व्यापारी को हनी ट्रैप में फंसाकर 1.05 लाख की ठगी, युवती समेत 5 अज्ञात युवकों पर FIR

व्यापारी को हनी ट्रैप में फंसाकर 1.05 लाख की ठगी, युवती समेत 5 अज्ञात युवकों पर FIR
X
शिवपुरी में हनी ट्रैप का मामला सामने आया है। एक युवती ने अपने साथियों के साथ मिलकर व्यापारी के साथ 1.05 लाख रुपये वसूले। पुलिस ने युवती समेत 5 के खिलाफ मामला दर्ज किया।

शिवपुरीः जिले के बदरवास क्षेत्र में हनी ट्रैप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक गल्ला व्यापारी को दोस्ती के जाल में फंसाकर युवती और उसके साथियों ने 1 लाख 5 हजार रुपये ठग लिए। युवती ने खुद को अंजली बताया। दोस्ती का झांसा देकर मिलने बुलाया। फिर अपने पांच साथियों की मदद से झूठा वीडियो बनवाया।

फोन कर जाल में फंसाया

पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को बताया कि 26 जनवरी को मोबाइल नंबर पर कॉल आया। कॉल करने वाली लड़की ने अपना नाम अंजली बताया। फोन में उसने दोस्ती की बात की फिर बातचीत बढ़ती गई। दोस्ती का भरोसा जीतने के बाद 31 जनवरी को दोपहर 3 बजे पड़ौदी पानी की टंकी के पास मिलने बुलाया। कहा कि बड़ौदी पानी की टंकी के पास आओ।

व्यापारी किराए की कार से अपने ड्राइवर विनोद राठौर के साथ तय किए हुए स्थान पर पहुंचा। वहां युवती मिली और कार में बैठ गई। माधव चौक होते हुए एक होटल तक गई।

अकेले में ले जाकर बुला लिए लड़के

होटल के पास ले जाने के बाद कुछ देर रुकने के बाद बोली कि अकेले में बात करनी है। बड़ौदी से 3 किमी आगे बड़ागांव रोड पर शाम 6 बजे ले गई। वहां पांच लड़कों को बुला लिया। लड़के कार से आए। व्यापारी और उसके ड्राइवर की मारपीट की। लड़की को अपनी कार में बैठा लिया। व्यापारी की कार में तीन लड़के बैठ गए। बांकड़े मंदिर की ओर ले गए। वहां व्यापारी से झूठा वीडियो बनवाया।

वीडियो में जबरन बुलवाया कि उसने अंजली के साथ गलत काम किया है। इसके बाद लड़की और उसके साथियों ने वीडियो वायरल करने और बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 2 लाख रुपए की मांग कर दी।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वसूली

इस घटनाक्रम के बीच व्यापारी ने कहा कि इतने पैसे नहीं हैं। फिर भी उसने डर के कारण अपने दोस्त देशपाल सोलंकी से 80 हजार और ब्रजभान जाट से 20 हजार रुपए फोन पे से मोबाइल नंबर पर भेजे। अपने फोन पे से 5640 रुपए अलग से मोबाइल पर भेजे। इसके बाद फिर भी और पैसे मांगते रहे। धमकी दी कि वीडियो वायरल कर देंगे और झूठा केस दर्ज करवा देंगे।

आखिरकार आरोपी बाद में व्यापारी और उसके ड्राइवर को झांसी फोरलेन पर छोड़कर भाग गए। देहात थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Tags

Next Story