MP में 10 फरवरी से बोर्ड परीक्षा पर कड़ी नजर, शिवपुरी के 46 केंद्रों पर CCTV से निगरानी

MP में 10 फरवरी से बोर्ड परीक्षा पर कड़ी नजर, शिवपुरी के 46 केंद्रों पर CCTV से निगरानी
X
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल में 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए सख्त इंतजाम। शिवपुरी के 46 केंद्रों पर CCTV, 8 पर जैमर और मोबाइल सील।

शिवपुरीः मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 10 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। नकल पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए मंडल ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। इसी कड़ी में शिवपुरी जिला प्रशासन ने इस बार सख्त और तकनीकी इंतजाम किए हैं। परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जहां परीक्षा ड्यूटी में लगे स्टाफ के मोबाइल फोन प्रश्नपत्र खुलने से पहले ही सील कर दिए जाएंगे, वहीं प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर परीक्षा समाप्ति तक कलेक्टर प्रतिनिधि की मौजूदगी अनिवार्य रहेगी।

परीक्षा तैयारियों के अंतिम चरण में जिले के 46 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। इन कैमरों के जरिए न सिर्फ परीक्षार्थियों बल्कि केंद्र पर तैनात पर्यवेक्षकों और स्टाफ की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।

सीसीटीवी से होगी मॉनिटरिंग

सीसीटीवी मॉनिटरिंग के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। कलेक्टर प्रतिनिधि के साथ-साथ निरीक्षण के लिए पहुंचने वाले अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर या फिर कंट्रोल रूम से चुपचाप पूरे परीक्षा केंद्र की गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे। परीक्षा प्रभारी राजाबाबू आर्य के अनुसार उत्कृष्ट विद्यालय शिवपुरी में आयोजित परीक्षा की मॉनिटरिंग भोपाल में बैठे अधिकारी भी ऑनलाइन माध्यम से कर सकेंगे, इसके लिए आवश्यक तकनीकी व्यवस्था पहले से उपलब्ध है।

इन सेंटर पर लगाए जाएंगे जैमर

इसके अलावा जिले के आठ अति संवेदनशील और संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यदि कोई परीक्षार्थी या अन्य व्यक्ति चोरी-छिपे मोबाइल फोन परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने में सफल हो भी जाए, तो नेटवर्क न मिलने के कारण उसका उपयोग न किया जा सके। इससे नकल, पेपर लीक और बाहरी संपर्क की संभावनाओं को पूरी तरह रोका जा सकेगा।

कड़ी सुरक्षा के बीच सामग्री वितरण

बोर्ड परीक्षाओं को लेकर गोपनीय सामग्री का वितरण भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किया गया। जिला उत्कृष्ट विद्यालय स्थित बोर्ड की समन्वय संस्था में माध्यमिक शिक्षा मंडल की टीम द्वारा प्रश्नपत्र, उत्तर पुस्तिकाएं और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। शुक्रवार को अंचल के 51 परीक्षा केंद्रों और शनिवार को शहर के 15 परीक्षा केंद्रों के लिए गोपनीय सामग्री सौंपी गई। प्रश्नपत्रों के सीलबंद बॉक्स शहर के तीन थानों में सुरक्षित रखवाए गए हैं और उन्हें सुरक्षा के बीच वाहनों के जरिए परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया।

Tags

Next Story