Home > राज्य > मध्यप्रदेश > सतना > पूर्व सीएम शिवराज ने सतना लोकसभा क्षेत्र में की ताबड़तोड़ सभाएं, मैहर में हुआ रोड शो

पूर्व सीएम शिवराज ने सतना लोकसभा क्षेत्र में की ताबड़तोड़ सभाएं, मैहर में हुआ रोड शो

जनता की सेवा ही सबसे बड़ी पूजा: शिवराज सिंह चौहान

अमरपाटन की सभा में किया राहुल गांधी पर कटाक्ष

सतना। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रामपुर बाघेलान बस स्टैंड में लोकसभा प्रत्याशी गणेश सिंह के पक्ष में उपस्थित जन समुदाय को संबोधित किया। इस दौरान अपने अंदाज में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मामा के भांजे भांजीयो को मेरा राम-राम। उपस्थित जनसमुदाय से कहा कि तुमने पुकारा और हम चले आए। उन्होंने आगे कहा कि हमारे लिए जनता जनार्दन की सेवा की सबसे बड़ी पूजा है। भारतीय जनता पार्टी का विरोध करते-करते कांग्रेस पार्टी प्रभु श्री राम का विरोध करने लगी। श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर हम सब ने अपने-अपने घरों में मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रभु श्री राम की पूजा किया और कांग्रेस पार्टी ने श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को ठुकरा दिया उन्होंने आगे कहा कि जो राम का नहीं वह किसी काम का नहीं। विनाश काले विपरीत बुद्धि जैसे हाल कांग्रेस पार्टी की हो गई है कांग्रेस पार्टी समाप्ति की ओर है कांग्रेस का विसर्जन तय है। शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा कि अगर किसी को विकास करना सीखना है तो गणेश सिंह से सीखे । उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र सतना जिले का भरपूर विकास किया है और आगे भी करेंगे। चाहे वह स्मार्ट सिटी की बात हो या फिर मेडिकल कॉलेज की बात हो गणेश सिंह के अथक प्रयासों से बरगी नर्मदा का पानी शीघ्र ही सतना जिले के किसानों को मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की सेवा करने का काम करती है। जितना कार्य हमारी सरकार ने किया है कांग्रेस ने कभी भी नहीं किया। उन्होंने आगे कहा कि प्राणों से प्यारी जनता की बेहतरी के लिए भाजपा सरकार कार्य कर रही है।

एक समय था जब बेटियों को अभिशाप मानते थे

पूर्व सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि बेटियों को गर्भ में ही मार दिया जाता था। जब हमारी प्रदेश में सरकार बनी तो लाडली लक्ष्मी योजना बनाई जो की बेटियों की रक्षा के लिए उनकी सुरक्षा के लिए वरदान साबित हुई । बेटियों को लाडली लक्ष्मी बनाने का कार्य भाजपा सरकार ने किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से किसान सम्मान निधि देने का काम कर रही है जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।

कांग्रेस ने अपने शासन काल के दौरान देश को बर्बाद किया

उन्होंने आगे कहा कि देश में अधिकांश समय तक शासन करने वाली कांग्रेस पार्र्टी ने कोई भी कल्याणकारी योजना नहीं चलाई। देश को सिर्फ बर्बाद करने का कार्य किया है। शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा कि आज भारत विश्व गुरु के पथ पर आसीन है। गणेश सिंह को काम करने की तड़प है और ललक है जैसे अंगूठी में नगीना वैसे ही सतना में गणेश सिंह है उन्हें अपना आशीर्वाद दें दिल्ली में मेरे से जो भी बन सकेगा सतना के विकास के लिए कार्य करूंगा।

भाजपा देश और जनता की सेवा के लिए

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सतना लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह के समर्थन में कई विधानसभा में चुनावी जनसभा और रोड शो रामपुर बघेलान, अमरपाटन मैहर उचेहरा नागौद में जनसभा और रोड शो को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, मैडम सोनिया और राहुल गांधी में इतनी हिम्मत ही नहीं है कि, रायबरेली से चुनाव लड़ सकें। राहुल बाबा अपना क्षेत्र छोड़कर अमेठी से वायनाड चले गए हैं। जो नेता खुद जीतने में सक्षम नहीं वो कांग्रेस को क्या जिताएंगे। कांग्रेस में न नीति है, न नीयत और न ही नेतृत्व है। इनके गलत फैसलों के कारण कांग्रेस लगातार गर्र्त में जा रही है। कांग्रेस का विसर्जन तय है। उन्होंने कहा कि, दो बातें और भी तय है, एक तो मोदी जी का तीसरी बार धूम-धाम से जीतना तय है और दूसरा अबकी बार 400 पार तय है। मोदी जी अद्भुत नेता है

29 सीट की जीत का दावा

पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अद्भुत काम किए हैं। मोदी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली, सम्पन्न और समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है। जब देश में कांग्रेस की सरकार थी तो दुनिया में कहीं भी भारत का कोई मान-सम्मान, इज्जत नहीं थी। भारत को घोटालों का देश कहा जाता था, लेकिन मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद दुनिया के कोने-कोने में भारत की जय-जयकार हुई है और मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं। ये सम्मान केवल मोदी जी का नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है। मोदी जी ने कह दिया, हम किसी को छेड़ेंगे नही और हमें किसी ने छेड़ा तो छोड़ेंगे नहीं, आज दुश्मन की क्या मजाल है कि, भारत की तरफ आंख उठा कर देख लें। एक ही उदाहरण देखिए कि, रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध चल रहा था, भारत के बच्चे भी वहां फंसे हुए थे। प्रधानमंत्री ने एक फोन रूस और एक फोन यूक्रेन के राष्ट्रपति को कर कहा कि, जब भारत के बच्चे हाथों में तिंरगा लेकर निकले तो युद्ध थम जाए और जब बच्चे भारत माता की जय के नारे लगाते हुए निकले तो दोनों देशों ने युद्ध रोक दिया और हमारे बच्चे सुरक्षित निकल आए। उन्होंने कहा कि, मुझे पूरा विश्वास है कि, मोदी के नेतृत्व में ही विकसित भारत का भी निर्माण होगा। इसलिए मध्यप्रदेश की 29 की 29 सीटों पर कमल खिलाकर मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है।

प्रदेश को विकास की ऊंचाईयों तक शिवराज ने पहुंचाया: गणेश सिंह

लोकसभा प्रत्याशी गणेश सिंह ने रामपुर बघेलान विधान सभा में आज चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम सबके बीच यहां पर पधारे हमारे मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जन जन के नेता जिन्होंने मध्य प्रदेश के विकास को बहुत ऊंचाइयों तक पहुंचाया। प्रत्याशी ने नागरिक बंधुओं-भाइयों,बहनों मित्रों लोकसभा के चुनाव की तारीख अब नजदीक आ चुकी है 26 को मतदान है । यह राज्य कभी बीमार होता था । यह बीमारु राज्य के रूप में था । जब शिवराज आए तो उसको एक विकसित राज्य बनाया।

ये रहे उपस्थित

रामपुर की सभा में मीडिया प्रभारी श्याम लाल गुप्ता श्यामू, किसान मोर्चा मीडिया प्रभारी राजेश त्रिपाठी शिवपाल सिंह, रामकृष्ण अग्निहोत्री, लाल प्रताप सिंह, अशोक प्यासी, प्रेमचंद कुशवाहा, मोहनलाल सिंह, संत लाल यादव,महेंद्र सिंह बघेल, महेंद्र सिंह पटेल, श्रीराम मणि केवट, कुलदीप सिंह, पुष्पराज केवट, दल प्रताप सिंह, सुधीर सिंह परिहार एवं सभी मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, बूथ संयोजक पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Updated : 21 April 2024 6:54 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Satna

Satna Web Desk


Next Story
Top