Home > राज्य > मध्यप्रदेश > सतना > अयोध्या के बाद मथुरा की बारी, कांग्रेसियों को नींद नहीं आ रही- डॉ मोहन यादव

अयोध्या के बाद मथुरा की बारी, कांग्रेसियों को नींद नहीं आ रही- डॉ मोहन यादव

मोदी सरकार, देवमार्गी सरकार, विकास के मामले में सरकार चित्रकूट क्षेत्र के साथ

सतना। लोकसभा प्रत्याशी गणेश सिंह के समर्थन में बरौंधा की जनसभा को संबोधित करने पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार देवमार्गी सरकार है। सनातन धर्म के लिए केन्द्र सरकार काम कर रही है। अयोध्या में भगवान श्रीरामलला का भव्य मंदिर बनाने के बाद अब मथुरा और काशी के विकास की बारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने प्रभुराम का मंदिर बनाने के दौरान विरोध किया। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। अब उनकी नींद उड़ी है। भगवान पर आस्था रखने वाले लोग कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आ रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने चित्रकूट के विकास को लेकर कहा कि क्षेत्र की हर मांग पूरी करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। जो भी मांग हमारे लोकसभा प्रत्याशी गणेश सिंह ने रखी हैं उन्हें पूरा करेंगे। बांध, पेयजल, नहर और धार्मिक स्थल का विकास हमारी प्राथमिकता में हैं।

कोदो, कुटकी और श्री अन्न की भी योजना

किसानों को लेकर कहा कि अभी एमएसपी पर गेहूं की खरीदी 2400 रुपए में शुरू की गई है। बजट आने पर धान की भी खरीदी कराई जाएगी। हमारी योजना कोदो, कुटकी और श्री अन्न की खरीदी की भी है। कांग्रेसियों के भाजपा में शामिल होने को लेकर कहा राम का अपमान बर्दाश्त न करने वाले कांग्रेसी हर जगह कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में आ रहे हैं। इस भगदड़ से कांग्रेसियों की नींद उड़ी है। कल तक जब लोग कांग्रेस में थे तो वो अच्छे थे, लेकिन अब जब भाजपा में आ गए तो कांग्रेसी उन्हें गलत और भ्रष्ट बताने लगे। कांग्रेस से आए लोग हमारे साथ दूध में शक्कर की तरह रहेंगे, लेकिन कांग्रेस के अधर्म के साथ नहीं रहेंगे। हम तो सभी का स्वागत करने वाले परिवार के सदस्य हैं।

राष्ट्रऋषि नानाजी को किया नमन

चुनाव सभा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सतना और मैहर की धरती को प्रणाम किया। इसके अलावा यहां की शान बढ़ाने वाले राष्ट्र ऋषि नानाजी, बाबा अलाउद्दीन खां को नमन किया। साथ ही आंख नहीं होने के बाद भी बाबा तुलसी की रामचरित मानस को कंठस्थ करने वाले तो तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरू स्वामी रामभद्राचार्य की भी सराहना की।

जनजातीय समय के विकास की बात कही

बरौंधा की सभा बेहद जल्दबाजी में हुई। इस दौरान सीएम ने क्षेत्र के आदिवासियों को साधने की पूरी कोशिश की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चल रही लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना योजना चालू रहेगी। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के लोगों के लिए सरकार सदैव प्रतिबद्ध है। समाज को लोगों को दर्जा दिलाने के लिए ही द्रोपदी मुर्र्मु को देश का सर्वोच्च पद दिया गया है।बरौंधा में मुख्यमंत्री की सभा दो घंटे देेरी से शुरू हुई। बताया जाता है कि यहां पर सीएम की सभा का समय 3 बजकर 20 मिनट पर निर्धारित किया गया था। हालांकि सीएम डॉ यादव इस अवधि पर पहुंचे नहीं। करीब सवा पांच बजे वह कार्यक्रम स्थल पहुंचे और बिना किसी औपचारिकता के अपनी बात जनता के सामने रखी।

ये रहे मौजूद

सभा को सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह ने भी संबोधित किया। सभा मंच पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, महापौर योगेश ताम्रकार, जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा, पूर्व महापौर राजाराम त्रिपाठी, पूर्व स्पीकर सुधीर सिंह तोमर, पूर्व विधायक ऊषा चौधरी, जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह, भाजपा नेता रामदास मिश्रा, लक्ष्मी यादव, चन्द्रकमल त्रिपाठी, बालेन्द्र गौतम, ऋषभ सिंह भी मंच पर मौजूद रहे।

Updated : 15 April 2024 2:09 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Satna

Satna Web Desk


Next Story
Top