Home > राज्य > मध्यप्रदेश > सतना > मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड व ग्राम सुधार समिति ने पर्यटन के लिए विकसित किए गए खोखरा गांव को दिया राष्ट्रीय पुरस्कार

मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड व ग्राम सुधार समिति ने पर्यटन के लिए विकसित किए गए खोखरा गांव को दिया राष्ट्रीय पुरस्कार

सीधी। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड एवं ग्राम सुधार समिति के संयुक्त प्रयास के परिणामस्वरूप, पारंपरिक भारतीय ग्रामीण जीवन शैली, संस्कृति, समाज और शहरी समुदाय के संगम का प्रतीक बनते खोखरा गांव को कांस्य श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। खोखरा मध्य प्रदेश के सीधी जिले के कुसमी ब्लाक के अंतर्गत संजय ढुबरी टाइगर रिजर्व के समीप का एक गांव हैं। जहां पर भारतीय एवं विदेशी पर्यटक न केवल वाणिज्यिक होटलों की तरह खानपान एवं रहने की अच्छी सुविधा पाते हैं बल्कि वे स्थानीय परंपरा, रीति-रिवाज, रहन-सहन एवं स्थानीय नृत्य-संगीतों का भी आनंद उठा सकते हैं। होमस्टे के विकास के साथ ही स्व सहायता समूह के माध्यम से ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय कारीगरी, सिलाई-बुनाई इत्यादि के लिए महिलाओं को सहायता भी दी जा रही है। इस प्रकार होमस्टे एक और जहां पारंपरिक भारतीय संस्कृति एवं विरासत को सहेजने का कार्य कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ ये ग्रामीण जनजातीय आबादी के लिए सतत अजीविका के अवसर भी सृजित कर रहे हैं।

होमस्टे की विशेषताएं

1. इन्हें लकड़ी, मिट्टी एवं बांस इत्यादि स्थानीय सामग्री से निर्मित किए गया है।

2. स्थानीय स्थापत्य कला का प्रयोग किया गया है।

3. दीवारों पर बनाई गई स्थानीय कलाकृतियां पारंपरिक जीवन शैली का प्रतिनिधित्व करती हैं।

4. ऐसी निर्माण सामग्री के चयन को प्रोत्साहन दिया जाता है जो न्यूनतम कार्बन या जीरो कार्बन उत्सर्जित करती हैं, इस प्रकार ये सस्टेनेबल भवन हैं।

5. अधिकांश होमस्टेज के समीप पारंपरिक कृषि प्रणालियों को दर्शाया जाता है, ताकि कृषि की सतत प्रणालियों को अपनाया जाए।

वर्ल्ड टूरिज्म डे के अवसर पर पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में आयोजित ट्रैवल फार लाइफ अभियान के लोकार्पण समारोह में आयोजित कार्यक्रम में बेस्ट टूरिज्म विलेज पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय पर्यटन मंत्री अजय भट्ट (स्वतंत्र प्रभार) रहे। इस अवसर पर विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी - श्रीमती विद्यावती,सचिव (पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार), श्रीमती लीना नंदन, सचिव (पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन), राकेश वर्मा, अतिरिक्त सचिव (पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार) उपस्थित रहे। पुरस्कार मध्य प्रदेश की ओर से संस्था के टीम लीडर सार्थक त्यागी द्वारा लिया गया। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की ओर से एम डी विवेक श्रोतिया तथा मनोज सिंह (संचालक , कौशल) उपस्थित रहे। इसके साथ, खोखरा में होमस्टे बनाने वाले हितग्राही कौशल्या सिंह, जगदीश सिंह ने सार्थक के साथ पुरस्कार प्राप्त किया।

ग्राम सुधार समिति के परियोजना समन्वक एवं टीम लीडर सार्थक अरुण त्यागी का कहना है कि खोखरा गांव ने अपने अनूठे सौंदर्य पर्यावरणीय और पारिस्थितिकी विविधता के साथ एक अद्वितीय पर्यटन स्थल की भूमिका निभाई है। खोखरा गांव के रूप में भारतीय पर्यटन को और भी महत्वपूर्ण और आकर्षक बनाने के लिए, साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सतत अजीविका को बढ़ावा देने के लिए ग्राम सुधार समिति निरंतर प्रयासरत है।

Updated : 27 Sep 2023 3:48 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Satna

Satna Web Desk


Next Story
Top