Home > राज्य > मध्यप्रदेश > सतना > भाजपा खरा सोना, कांग्रेस जंग लगा लोहा: राजनाथ सिंह, नागौद में रक्षा मंत्री ने की भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में सभा

भाजपा खरा सोना, कांग्रेस जंग लगा लोहा: राजनाथ सिंह, नागौद में रक्षा मंत्री ने की भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में सभा

पीओके हमारा था, है और रहेगा

सतना। भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अल्प प्रवास पर सतना लोकसभा क्षेत्र के नागौद पहुंचे। जहां पर उन्होंने लोकसभा प्रत्याशी गणेश सिंह के लिए चुनावी सभा को संबोधित किया। रक्षा मंत्री ने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा खरा सोना है। श्री सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 24 कैरेट का सोना है। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए जंग लगा लोहा बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने घोषणा पत्र पर जो भी कहती है वह करती है। 10 वर्षों की हमारी सरकार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का कद ऊंचा किया है। भारत के विकास के साथ भारत की विरासत को सहेजने का काम किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंचा से दावा करते हुए कहा की 10 सालों में भारतीय जनता पार्टी ने एक भी भ्रष्टाचार नहीं किया। वहीं भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने कुर्सी बचाने के लिए इमरजेंसी तक लगाई थी। श्री सिंह ने कहा कि हमने अपने घोषणा पत्र पर कहा था कि जिस दिन सरकार बनी हम राम मंदिर बनाएंगे और राम मंदिर बनाने से हमें कोई नहीं रोक पाया। पूरे देश में राम राज्य का आगाज हो चुका है। धारा 370 के मुद्दे पर कहते हुए उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर को भी हमने देश के अन्य राज्यों के समान ही दर्जा दिया है। उन्होंने कहा कि पीओके हमारा था, है और रहेगा। श्री सिंह ने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) के लोग भी यह बोलने लगें हैं कि हम भारत के साथ रहना चाहते हैं। कांग्रेस सरकार के समय राजीव गांधी के कार्यकाल का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि राजीव गांधी खुद कहते थे कि मैं 100 रुपए दिल्ली से भेजता हूं और जनता तक 14 पैसे ही पहुंचाते हैं। नरेंद्र मोदी की सरकार ने हर एक व्यक्ति का जीरो बैलेंस खाता खोला है और पूरी राशि उनके खाते पर सीधे पहुंच रही है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहां की भय, भूख, भ्रष्टाचार हटाओ का नारा कांग्रेस ने दिया था, लेकिन उसे भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरा कर रही है।

रीवा लोकसभा की नईगढ़ी में बोले रक्षा मंत्री

बार-बार चुनाव होने के बजाय वन नेशन-वन इलेक्शन होना चाहिये

रीवा/ केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने म.प्र.के संसदीय क्षेत्र रीवा के नईगढ़ी में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुये कहा कि देश में बार बार चुनाव होने के बजाय वन नेशन-वन इलेक्शन होना चाहिये। लोकसभा और विधानसभा का चुनाव एक साथ होना चाहिये तथा अन्य एक चरण में शेष स्थानीय निकायों का चुनाव होना चाहिये। बार बार चुनाव होने से देश पर खचज़् का भार बढ़ता है साथ ही लोगों को कई तरह की समस्याओं से गुजरना पड़ता है। बमुश्किल चार माह पूर्व विधानसभा के चुनाव हुये हैं और अब लोकसभा के चुनाव आ गये। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करती है और उसी अनुरूप अपना घोषणा पत्र तैयार करती हेै। भाजपा के घोषणा पत्र में सन् 84 से अयोध्या में राममंदिर का निर्माण था। अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण हो चुका है और मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम झोपड़ी से निकलकर भव्य मंदिर में विराजमान हो गये हैं। उन्होंने कहा कि देश में रामराज्य आने का संभवत: यह शुभ संकेत है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सबके मन अधिकारबोध के बजाय कर्तव्यबोध हो,यही रामराज्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने घटक दलों के साथ राष्ट्रहित में काम कर रही है। कश्मीर से धारा 370 को चुटकी में खत्म कर दिया गया। तीन तलाक को समाप्त करने का कानून बनाया गया। श्री सिंह ने कहा कि भारत में पैदा होने वाले प्रत्येक नागरिक का बराबर अधिकार है।

यहां हिन्दू,मुस्लिम,सिख,ईसाई,यहूदी किसी में कोई भेदभाव नहीं है। मोदी सरकार को किसानों की चिंता है। एनडीए सरकार करीब सवा लाख करोड़ की लागत से देश में किसानों की उपज भण्डारण के लिये गोदाम बनाने जा रही है। किसानों के पास फसल रखने के लिये स्थान नही होता है जिसके कारण कम कीमत में फसल को बेचना पड़ जाता है।अब किसान गोदामों में अपनी फसल का भण्डारण कर सकेंगे और अच्छी कीमत मिलने पर उसे निकालकर बेच सकेंगे। सभा में म.प्र.के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम सहित कई विधायक,पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Updated : 15 April 2024 2:11 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Satna

Satna Web Desk


Next Story
Top