Home > राज्य > मध्यप्रदेश > सतना > घने कोहरे की वजह से टैंकर और पिकप की जोरदार भिड़ंत, 3 की मौत 8 घायल

घने कोहरे की वजह से टैंकर और पिकप की जोरदार भिड़ंत, 3 की मौत 8 घायल

मचा हड़कंप, दर्जन भर से अधिक मछुआरे थे वाहन में सवार, पुलिस जांच में जुटी

सतना/कटनी/ देर रात घने कोहरे की वजह से सतना की तरफ से जा रही पिकअप सामने से आ रहे टैंकर से सीधे टकरा गई। पिकप वाहन में मंडला जिले के एक दर्जन से अधिक मछुआरे सवार थे। दोनो वाहनों की सीधी भिडंत में पिकप सवार तीन मछुआरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आठ को गंभीर रूप से घायल अवस्था में कुठला पुलिस ने वाहन से निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का इलाज चल रहा है। भीषण टक्कर के कारण सभी घायल वाहन में फंसे हुए थे। जिन्हें सूचना मिलने के बाद पहुंची कुठला पुलिस ने काफी देर की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया।

देर रात हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंडला जिले के एक दर्जन से भी अधिक मछुआरे पिकअप वाहन से सतना जिले से मछली मारकर अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान देर रात लगभग 3 बजे झुकेही चौकी क्षेत्र अंतर्गत तिवारी ढाबे के पास पिकअप वाहन की टैंकर क्रमांक सीजी 10 बीएन 1584 से सीधे जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकी आठ मछुआरे गंभीर रूप से घायल हो गए।

इनकी हुई मौत

बताया जाता है कि भीषण सड़क हादसे में मंडला जिले के शाहपुरी ग्राम निवासी 18 वर्षीय छोटू बर्मन पिता गणेश बर्मन, मंडला जिले के डोंगरिया गांव निवासी 24 वर्षीय रोहित धुर्वे पिता अशोक धुर्वे के अलावा एक 35 वर्षीय अज्ञात पुरुष की मौत हुई है।

ये हुए घायल

भीषण हादसे में मंडला जिला निवासी पिकअप सवार अंजलि बर्मन, उमेश बर्मन, रोहित बर्मन, विजय बर्मन, गौरी बर्मन, राजकुमार बर्मन, बत्ती ठाकुर एवं राजेंद्र बर्मन को गंभीर चोटे आई हैं। जिन्हें इलाज के लिए कुठला पुलिस के द्वारा शासकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां पर उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने दिखाई सक्रियता

घायलों ने बताया कि हादसे के बाद सभी घायल पिकअप वाहन में बुरी तरह फंसे हुए थे। राहगीरों ने घटना की सूचना कुठला पुलिस को दी। जिसके बाद तत्काल ही थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के साथ थाने का स्टाफ घटनास्थल पर जा पहुंचा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सुरक्षित किसी तरह बाहर निकाला और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे का शिकार हुए दोनों ही वाहनों को जप्त कर झुकेही चौकी के सुपुर्द किया गया है।

Updated : 5 Jan 2024 4:36 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Satna

Satna Web Desk


Next Story
Top