Home > धर्म > Sawan 2023 : चार जुलाई से शुरू होगा भगवान भोलेनाथ को प्रिय सावन का महीना, इस बार होंगे आठ सोमवार

Sawan 2023 : चार जुलाई से शुरू होगा भगवान भोलेनाथ को प्रिय सावन का महीना, इस बार होंगे आठ सोमवार

इस बार श्रावण मास बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि इस बार सावन का महीना 30 नहीं बल्कि 59 दिनों का रहेगा।

Sawan 2023 : चार जुलाई से शुरू होगा भगवान भोलेनाथ को प्रिय सावन का महीना, इस बार होंगे आठ सोमवार
X

वेबडेस्क। इस बार पवित्र श्रावण मास की शुरुआत चार जुलाई से होगाी और 31 अगस्त को सावन माह का समापन होगा। अधिकमास होने के कारण इस बार सावन मास 30 दिनों के स्थान पर 59 दिनों का होगा और देवों के देव महादेव की भक्ति उपासना के लिए चार नहीं बल्कि आठ सोमवार मिलेंगे।

शास्त्रों, पुराणों और वेदों के अनुसार सावन का महीना बाबा भोलेनाथ को समर्पित है। पवित्र श्रावण मास के दौरान भगवान शिव की पूजा आराधना कर उनसे आशीर्वाद लेने का सबसे अच्छा समय माना जाता है। इस बार श्रावण मास बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि इस बार सावन का महीना 30 नहीं बल्कि 59 दिनों का रहेगा। महादेव के भक्तों को इस बार उनकी उपासना के लिए चार नहीं बल्कि आठ सोमवार मिलेंगे। ऐसा इसलिए हो रहा हैं क्योंकि हिंदू पंचांग विक्रम संवत 2080 के अनुसार इस साल अधिक मास पड़ रहा है जिसमें पूरे 13 महीने होंगे। उन्होंने बताया कि 19 साल बाद ऐसा संयोग बन रहा हैं।

वैदिक पंचांग के अनुसार सौर मास और चंद्र मास के आधार पर साल 354 दिनों का होता है जबकि सौर मास 365 दिन का होता है। ऐसे में दोनों में कुल 11 दिनों का अंतर आता है और हर 3 साल बाद यह अंतर 33 दिनों का हो जाता है, जिसे अधिक मास के नाम से जाना जाता है। इसी वजह से श्रावण दो महीने का रहेगा। इस बार सावन के महीने में मणिकांचन योग बन रहा है जो बेहद दुर्लभ है। इस बार मलमास में ही रक्षाबंधन का त्यौहार भी मनाया जाएगा।

सावन मास के सोमवार-

पहला सोमवार 10 जुलाई, दूसरा सोमवार 17 जुलाई, तीसरा सोमवार 24 जुलाई, चतुर्थ सोमवार 31 जुलाई, पांचवा सोमवार 7 अगस्त, छठा सोमवार 14 अगस्त, सातवां सोमवार 21 अगस्त, आठवां सोमवार 28 अगस्त।

क्या होता है मलमास-

इस साल सावन मास के बढ़ने के पीछे मलमास यानी अधिक मास है। शास्त्रों के मुताबिक जिस माह में सूर्य संक्रांति नहीं पड़ती और बढ़ती-घटती तिथियों को मिलाकर एक मास यानी 1 महीना तैयार होता है उस माह को मलमास या अधिक मास और पुरुषोत्तम मास कहा जाता है। इस दौरान शादी, गृह प्रवेश, मुंडन आदि शुभ और मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। हालांकि, मलमास में भगवान का स्मरण एवं पूजन करना शुभ माना जाता है। अधिक मास में किए गए दान पुण्य को आत्मा की शुद्धि एवं मन की पवित्रता से भी जोड़कर देखा जाता।

सावन मास की पूजा विधि-

सावन महीने में सोमवार के दिन सुबह जल्दी स्नान करके साफ वस्त्र धारण करें। इसके बाद व्रत रखने का संकल्प लें और किसी मंदिर या घर पर ही शिवलिंग और शिव परिवार पर गंगाजल चढ़ाएं। इसके बाद ऊं नमः शिवाय मंत्र का जप करते हुए भगवान शिव का जलाभिषेक करें। इसके अलावा शिवलिंग पर सफेद फूल, अक्षत, सफेद चंदन, भांग, धतूरा, गाय का दूध, धूप, पंचामृत, सुपारी, बेलपत्र आदि चढ़ाएं।

Updated : 29 Jun 2023 8:22 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top