श्रीराम पथ गमन होगा दीपों से आलोकित,3 लाख 51 हजार दीपों से सजेगा भक्तिमय नजारा

श्रीराम पथ गमन होगा दीपों से आलोकित,3 लाख 51 हजार दीपों से सजेगा भक्तिमय नजारा
X

देव प्रबोधिनी एकादशी के पावन अवसर पर इस बार श्रीराम पथ गमन मार्ग दीपों की जगमगाहट से आलोकित होगा। संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के नौ पवित्र स्थलों पर एक साथ 3 लाख 51 हजार 111 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। दीप आराधना के साथ भक्ति संगीत संध्या का आयोजन भी होगा, जिसमें प्रसिद्ध कलाकार अपने भजनों से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे।

दीपोत्सव एक आध्यात्मिक अनुभव- एन.पी. नामदेव

संचालक एन.पी. नामदेव ने बताया कि यह दीपोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक अनुभव और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक होगा। यह आयोजन भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादाओं को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम बनेगा। कार्यक्रम जिला प्रशासन के सहयोग से राम पथ गमन से जुड़े जिलों में शाम 6:30 बजे से आरंभ होगा।

इन स्थलों पर होगा दीपोत्सव का आयोजन

चित्रकूट (सतना)

राघव प्रयाग घाट पर 1,11,111 दीप और पंचवटी घाट पर 21,000 दीप प्रज्वलित होंगे। 15 पंडित माँ मंदाकिनी की महाआरती करेंगे। विभोर इंडियन फ्यूजन बैंड और मुस्कान चौरसिया (बालाघाट) भक्ति संगीत प्रस्तुत करेंगी।

अमरकंटक (अनूपपुर)

माँ नर्मदा के पवित्र रामघाट पर 51,000 दीप जलाए जाएंगे। मनीष अग्रवाल (जबलपुर) भक्ति गायन करेंगे।

मैहर (सतना)

आल्हा तलैया पर 51,000 दीप जलाकर माँ शारदा की महाआरती की जाएगी। साक्षी पटेरिया (सागर) और उनके साथी भजन प्रस्तुत करेंगे।

नर्मदापुरम् (होशंगाबाद)

सेठानी घाट पर 51,000 दीप आराधना होगी। 7 पंडित माँ नर्मदा की आरती करेंगे। दीप म्यूजिकल ग्रुप (भोपाल) श्रीराम भजनों से माहौल को भक्तिमय बनाएगा।

कटनी

कटायेघाट तालाब पर 15,000 दीप जलाकर महाआरती की जाएगी। नमन तिवारी (नर्मदापुरम्) और साथी लोकगीत प्रस्तुत करेंगे।

पन्ना

धरम सागर तालाब पर 11,000 दीप जलाए जाएंगे। वेदिका मिश्रा (पन्ना) और उनके साथी भक्ति गीत गाएंगे।

उमरिया

प्राचीन सगरा मंदिर प्रांगण में 31,000 दीप अर्पण होंगे। सत्यम आरख (कटनी) और साथी भक्ति गायन करेंगे।दीपों की इस महासंध्या में प्रदेश के मंदिरों, घाटों और तालाबों की आभा एक साथ दमक उठेगी- यह आयोजन न केवल श्रद्धा का प्रतीक बनेगा, बल्कि मध्यप्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी उजागर करेगा।

Next Story