उज्जैनः मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में भारत की क्रिकेट जीत का जश्न अचानक विवाद में बदल गया। रविवार रात शहर की एक कॉलोनी में लोग भारतीय टीम की टी20 वर्ल्ड कप जीत पर पटाखे फोड़कर खुशी मना रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गई।
घटना में दोनों पक्षों के करीब 10 लोग घायल हुए हैं। मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा और बाद में दोनों तरफ से शिकायत दर्ज कर केस दर्ज किया गया। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
पटाखे फोड़ने को लेकर हुई कहासुनी
दरअसल, मामला उज्जैन के चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र की राजरायल कॉलोनी का है। पुलिस के अनुसार रविवार रात भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के बाद कुछ लोग घरों के बाहर पटाखे फोड़कर जश्न मना रहे थे। उसी दौरान वहां से गुजर रहे मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने पटाखे फोड़ने पर आपत्ति जताई और दूसरी जगह आतिशबाजी करने को कहा। पहले हल्की कहासुनी हुई, लेकिन देखते-देखते माहौल गरमा गया। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया।
लाठी-डंडे और पाइप से हमले में महिलाएं घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने लाठी, पाइप और डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान कई लोग घायल हो गए। घायलों में रविंद्र हाड़ा, दृष्टि हाड़ा, मनीष मेहरले, अनिता मेहरले, विमला मालवीय, लैलासिंह, मानवेंद्र हाड़ा और विशला मालवीय के नाम सामने आए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से शादाब खान, वाहिद खान और एक महिला को भी चोट लगी है। घटना की सूचना मिलते ही चिमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
हिंदूवादी संगठन के लोग भी पहुंचे मौके पर
घटना की खबर फैलते ही इलाके के कुछ हिंदूवादी संगठन के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इनमें रितेश माहेश्वरी और अन्य कार्यकर्ताओं के नाम सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में पहले भी कुछ मुद्दों को लेकर तनाव की स्थिति बन चुकी है। कुछ महीनों पहले माता की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर भी विवाद हुआ था, हालांकि तब मामला शांत हो गया था।
पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किए केस
पुलिस ने बताया कि संजय नामदेव की शिकायत पर वाहिद खान, जाकिर, सुल्तान, शादाब और उनके साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से वाहिद खान की शिकायत पर रविंद्र, पंकज और अन्य लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कुछ लोगों को राउंडअप कर पूछताछ भी शुरू कर दी है।
नवरात्रि के दौरान भी हुआ था तनाव
स्थानीय लोगों के अनुसार इसी इलाके में नवरात्रि के दौरान भी तनाव की स्थिति बनी थी। हालांकि पुलिस की सक्रियता के चलते मामला ज्यादा नहीं बढ़ा था। फिलहाल कॉलोनी में पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की भी जांच की जा रही है, और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।