Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > मध्य प्रदेश

स्व. अनिल यादव की जयंती मनाई गई

कस्बे में रहकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना ही सच्ची पत्रकारिता : उपाध्याय

वरिष्ठ पत्रकार स्व. अनिल यादव की 72वीं जयंती पर कई पत्रकारों और संगठनों को सम्मानित किया गया। नए पुरस्कारों की भी घोषणा की गई, जो पर्यावरण समाचार लेखन के लिए होगी।


कस्बे में रहकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना ही सच्ची पत्रकारिता  उपाध्याय

वरिष्ठ पत्रकार स्व. अनिल यादव की जयंती पर संगठनों और पत्रकारों का सम्मान

पर्यावरणविद् एवं वरिष्ठ पत्रकार स्व. अनिल यादव की 72वीं जयंती के अवसर पर स्थानीय पत्रकार भवन में आयोजित समारोह में नगर में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया गया। अनिल दाऊ फाउंडेशन एवं प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में आगामी वर्ष से दो नए पुरस्कार शुरू करने की घोषणा भी की गई। इन पुरस्कारों के तहत पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट समाचार लेखन करने वाले पत्रकारों का चयन कर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए दो अलग-अलग श्रेणियां भी निर्धारित की गई हैं।

कार्यक्रम में राजधानी से आए वरिष्ठ पत्रकारों ने स्व. अनिल यादव के साथ किए गए कार्यों के संस्मरण साझा किए और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार गिरीश उपाध्याय ने कहा कि पत्रकारिता सेवा का कार्य है, जिसे अनिल भाई ने अपने जीवन में पूरी निष्ठा के साथ निभाया। उनके मन में गरीब और घुमंतू समाज के लोगों के लिए कुछ करने की हमेशा ललक रहती थी। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कई फिल्में बनाईं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया। उपाध्याय ने कहा कि किसी कस्बे से शुरुआत कर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाना ही सच्ची पत्रकारिता है।

कार्यक्रम को विधायक हरिसिंह रघुवंशी, खादी ग्रामोद्योग के उपाध्यक्ष राकेश जादौन, वरिष्ठ पत्रकार श्याम बोहरे, मृगेंद्र सिंह, अजय बोकिल, सतीश एलिया, चक्रेश महोबिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि देवेंद्र रघुवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष शशि यादव तथा सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र यादव ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने स्व. अनिल यादव के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग साझा किए।

वक्ताओं ने कहा कि कई बार राजधानी में बैठकर पत्रकारिता करने के दौरान गांवों की महत्वपूर्ण खबरें इसलिए छूट जाती हैं, क्योंकि उन्हें टीआरपी नहीं मिलती। वास्तविक पत्रकार वही है, जो कस्बों और गांवों में रहकर जमीनी मुद्दों को सामने लाता है और लोगों की न्याय की लड़ाई लड़ता है।

स्मृति में किया पौधारोपण

प्रेस क्लब एवं अनिल दाऊ फाउंडेशन द्वारा स्व. अनिल यादव की स्मृति में पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर शहर में उत्कृष्ट समाचार प्रकाशित करने वाले पत्रकारों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन आशीष दुबे ने किया, जबकि आभार प्रेस क्लब अध्यक्ष नीतेश नायक ने व्यक्त किया।

Related to this topic: