PM Modi Delhi GPRA Flats Inauguration

दिल्ली में 33,500 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स की सौगात, PM मोदी ने 2722 फ्लैट की चाबियां महिलाओं को सौंपी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में ₹15,200 करोड़ के GPRA प्रोजेक्ट का उद्घाटन कर 2722 नए फ्लैट की चाबी महिलाओं को सौंपी। साथ ही मेट्रो कॉरिडोर समेत कई बड़े प्रोजेक्ट्स की भी शुरुआत की।

By : स्वदेश डेस्क
दिल्ली में  33,500 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स की सौगात, PM मोदी ने 2722 फ्लैट की चाबियां महिलाओं को सौंपी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली में बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर और हाउसिंग प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की। जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (GPRA) रीडेवलपमेंट प्लान के तहत बने 2,722 नए फ्लैट का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कुछ महिला लाभार्थियों को प्रतीकात्मक तौर पर फ्लैट की चाबियां भी सौंपीं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में लगी कुछ महिला मजदूरों से बातचीत भी की , और उनके अनुभव सुने। सरकार के मुताबिक यह पूरी योजना राजधानी में सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। 

15,200 करोड़ के प्रोजेक्ट की शुरुआत

प्रधानमंत्री ने सिर्फ फ्लैट्स का उद्घाटन ही नहीं किया बल्कि 6,632 अतिरिक्त फ्लैट्स और करीब ₹15,200 करोड़ की लागत वाले कई अन्य प्रोजेक्ट्स का भी शिलान्यास किया। कुल मिलाकर दिल्ली में करीब ₹33,500 करोड़ के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से राजधानी में हाउसिंग, कनेक्टिविटी और शहरी ढांचे को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

सात पुरानी कॉलोनियों का हो रहा रीडेवलपमेंट

केंद्र सरकार दिल्ली की सात पुरानी सरकारी कॉलोनियों का बड़े पैमाने पर पुनर्विकास कर रही है। इनमें सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, नौरोजी नगर, कस्तूरबा नगर, त्यागराज नगर, श्रीनिवासपुरी और मोहम्मदपुर शामिल हैं। करीब 537 एकड़ क्षेत्र में फैले इस प्रोजेक्ट का मकसद पुराने और जर्जर सरकारी क्वार्टरों की जगह आधुनिक आवास बनाना है। अधिकारियों के मुताबिक इन कॉलोनियों में कई मकान काफी पुराने हो चुके थे और लगभग 40 प्रतिशत क्वार्टर रहने लायक नहीं बचे थे। नई योजना से केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए 20 हजार से ज्यादा घरों की कमी को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

height=375

मेट्रो नेटवर्क का भी होगा विस्तार 

प्रधानमंत्री ने दिल्ली मेट्रो के एक्सपेंशन प्लान फेज V-A के तहत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी किया। इनकी कुल लंबाई करीब 16.1 किलोमीटर होगी। इन कॉरिडोर में रामकृष्ण आश्रम मार्ग- इंद्रप्रस्थ, एरोसिटी- इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल-1, तुगलकाबाद - कालिंदी कुंज शामिल हैं। इनके शुरू होने से सेंट्रल दिल्ली, साउथ दिल्ली, नोएडा और एयरपोर्ट के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।

पिंक और मैजेंटा लाइन का विस्तार

प्रधानमंत्री ने पिंक लाइन के मजलिस पार्क – मौजपुर – बाबरपुर कॉरिडोर (12.3 किमी) और मैजेंटा लाइन के दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर (9.9 किमी) का भी उद्घाटन किया। इस एक्सटेंशन के बाद मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी। इससे कई नए रिहायशी और कारोबारी इलाके सीधे मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे। 

दिल्ली मेट्रो की नई एडवाइजरी

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने यात्रियों के लिए नई एडवाइजरी भी जारी की है। मेट्रो के फेज-III कॉरिडोर पर 8 मार्च से ट्रेन सेवाएं अब सुबह 7 बजे की जगह 6 बजे से शुरू होंगी। यह बदलाव पिंक लाइन (मजलिस पार्क–शिव विहार), मैजेंटा लाइन (बॉटनिकल गार्डन–जनकपुरी वेस्ट) और ग्रे लाइन (द्वारका–ढांसा बस स्टैंड) पर लागू रहेगा। DMRC ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी बदलाव को ध्यान में रखकर बनाएं।