एमपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट 14 अप्रैल तक जारी हो सकता है। कॉपी जांच का 70% काम पूरा हो चुका है। माशिमं के अनुसार दूसरी परीक्षा 7 मई से आयोजित की जाएगी।
भोपाल। मध्य प्रदेश में बोर्ड की एग्जाम देने के रिजल्ट का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। मध्य प्रदेश बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन यानी माशिमं की 10वीं और 12वीं की कॉपियों का मूल्यांकन तेजी से चल रहा है।
बोर्ड अधिकारियों के अनुसार अब तक लगभग 70 प्रतिशत उत्तरपुस्तिकाओं की जांच पूरी हो चुकी है। अगर यही रफ्तार बनी रही तो परिणाम अप्रैल के पहले या दूसरे सप्ताह में घोषित किए जा सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि 14 अप्रैल तक रिजल्ट जारी हो सकता है।
23 मार्च से मूल्यांकन का अंतिम चरण
बोर्ड के अनुसार 23 मार्च से कॉपी जांच का चौथा और अंतिम चरण शुरू हो जाएगा। इस चरण में बचे हुए जिलों का मूल्यांकन तेजी से पूरा कराया जाएगा ताकि रिजल्ट समय पर तैयार हो सके। इस साल मध्य प्रदेश में करीब 16 लाख विद्यार्थियों ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं दी हैं। इन छात्रों की लगभग 90 लाख उत्तरपुस्तिकाओं की जांच की जा रही है।
18 हजार शिक्षक कर रहे मूल्यांकन
मूल्यांकन कार्य के लिए राज्यभर में करीब 18 हजार शिक्षकों को लगाया गया है। अधिकांश जिलों में काम तेजी से चल रहा है, लेकिन कुछ जिलों में अभी भी रफ्तार धीमी बताई जा रही है।
इन जिलों में धीमा चल रहा मूल्यांकन
रिपोर्ट के मुताबिक कुछ जिलों में अभी भी कॉपी जांच का काम धीमा है। इनमें आगर-मालवा, नर्मदापुरम, मंडला, डिंडोरी, बालाघाट, अनूपपुर, शहडोल, भिंड और मुरैना जिले शामिल हैं। इन जिलों में अब तक करीब 40 प्रतिशत कॉपियां ही जांची गई हैं। बोर्ड ने यहां मूल्यांकन कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
7 मई से होगी दूसरी परीक्षा
बोर्ड इस बार रिजल्ट जल्दी घोषित करने की तैयारी में है ताकि जिन छात्रों को पूरक, अनुत्तीर्ण या श्रेणी सुधार के लिए दोबारा परीक्षा देनी है, उन्हें पर्याप्त समय मिल सके। बोर्ड के अनुसार द्वितीय परीक्षा 7 मई से शुरू होगी। अगर रिजल्ट 14-15 अप्रैल तक घोषित हो जाता है तो छात्रों को तैयारी के लिए करीब 20 दिन का समय मिल जाएगा।
क्या बोले बोर्ड सचिव
माशिमं के सचिव बुद्धेश कुमार वैद्य के मुताबिक कॉपी जांच का लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। उनके अनुसार, मूल्यांकन की प्रक्रिया तय समय पर पूरी कर ली जाएगी और अप्रैल के दूसरे सप्ताह में रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा।