जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के बीच सेना ने गर्भवती महिला को बचाया। MP के 15 जिलों में पारा 30°C पार, मुनस्यारी में तापमान -29°C तक गिरा।
देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के तेवर बिल्कुल जुदा नजर आ रहे हैं। कहीं बर्फ की मोटी चादर बिछी है, तो कहीं दोपहर में गर्मी का एहसास होने लगा है। जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में मंगलवार शाम से बर्फबारी जारी है। इसी बीच तंगधार इलाके में फंसी एक गर्भवती महिला को भारतीय सेना ने सुरक्षित बाहर निकाला। बर्फ और फिसलन के बीच किया गया यह रेस्क्यू लोगों के लिए राहत की खबर बन गया।
तंगधार में सेना का साहसिक अभियान
लगातार बर्फबारी के कारण कई ऊंचाई वाले इलाकों का संपर्क कट गया है। तंगधार में एक गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली तो सेना की टीम तुरंत हरकत में आई। बर्फ से ढकी सड़कों और खराब मौसम के बावजूद जवानों ने महिला को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने सेना के इस प्रयास की सराहना की है। सोनमर्ग में भी मंगलवार शाम से बर्फ गिरनी शुरू हुई, देखते ही देखते पूरी वादी सफेद चादर में ढक गई।
उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड, मुनस्यारी -29°C
जहां कश्मीर में बर्फबारी हो रही है, वहीं उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड अपने चरम पर है मुनस्यारी में बुधवार सुबह तापमान माइनस 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गंगोत्री में -23°C और बद्रीनाथ में -21°C तक पारा लुढ़क गया। हर्षिल और हेमकुंड में भी तापमान -20°C के आसपास रहा। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, अगले एक-दो दिन में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की और गिरावट संभव है।
मध्य प्रदेश में दिन में गर्मी, रात में सर्दी
मध्य प्रदेश में मौसम दो रंग दिखा रहा है। भोपाल, इंदौर समेत 15 जिलों में मंगलवार को अधिकतम तापमान 30°C पार पहुंच गया। नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 33°C दर्ज किया गया। हालांकि रात में ठंड अभी भी कायम है। 11 जिलों में न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे रहा। शहडोल के कल्याणपुर में पारा 4.5°C तक गिर गया।
राजस्थान और हरियाणा में हल्की बारिश
राजस्थान के कई जिलों में दोपहर बाद हल्के बादल छाए रहे। चूरू और श्रीगंगानगर में बूंदाबादी भी हुई। जयपुर में अधिकतम तापमान 27.3°C रहा, जबकि बाड़मेर, बीकानेर और चित्तौड़गढ़ जैसे शहरों में पारा 30°C के करीब पहुंच गया। हरियाणा के भिवानी, हिसार, सिरसा और झज्जर समेत 6 जिलों में बारिश हुई। 13 शहरों में अधिकतम तापमान 25°C के पार दर्ज किया गया। गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 7.2°C रहा।
पंजाब और हिमाचल का हाल
पंजाब में फिलहाल धुंध से राहत है, लेकिन सुबह-शाम ठंड बनी हुई है। लुधियाना और फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 8°C रहा। 16 फरवरी से बारिश की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश में बुधवार और गुरुवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि 13 और 16 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक इस विंटर सीजन में अब तक सामान्य से 11% कम बारिश हुई है।