राजेश जायसवाल, महराजगंज: भारत-नेपाल की सोनौली सीमा पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने फर्जी भारतीय पहचान पत्र के साथ एक विदेशी महिला को गिरफ्तार किया है। महिला की पहचान इंडोनेशियाई नागरिक रोहाना के रूप में हुई है। आरोप है कि वह अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर भारतीय मतदाता पहचान पत्र के जरिए सीमा पार करने का प्रयास कर रही थी। मामले में सोनौली कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल इमिग्रेशन, पुलिस सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां महिला से पूछताछ कर रही हैं। महिला से पुलिस को एक पासपोर्ट भी मिला है।

मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय पर एक महिला ने भारत में प्रवेश के लिए अपना भारतीय वोटर आईडी कार्ड प्रस्तुत किया। कार्ड पर नाम ली किम लियेन (Li Kim Lien) और पता कोलकाता का दर्ज था। हालांकि, महिला हिंदी ठीक से नहीं बोल पा रही थी और उसके हावभाव भी अधिकारियों को संदिग्ध लगे। इसके बाद इमिग्रेशन अधिकारियों ने उससे गहन पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान महिला ने अपना इंडोनेशियाई पासपोर्ट प्रस्तुत किया। पासपोर्ट के अनुसार उसका नाम रोहाना, जन्मतिथि 20 अक्टूबर 1970 और नागरिकता इंडोनेशिया दर्ज है। उसके पासपोर्ट की वैधता 11 अगस्त 2033 तक है। वहीं, उसके भारतीय रोजगार वीजा की वैधता 9 नवंबर 2026 को समाप्त हो चुकी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए इमिग्रेशन अधिकारियों ने महिला को अपनी पहचान छिपाने, कथित फर्जी दस्तावेज के इस्तेमाल और विदेशी नागरिकों से संबंधित नियमों के उल्लंघन के आरोप में अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
इस मामले में सोनौली कोतवाली पुलिस ने 11 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे मुकदमा अपराध संख्या 109/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 319(2), 336(3), 338 और 340(2) तथा आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम 2025 की धारा 22 और 23 के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सीमा पर विदेशी नागरिक के भारतीय पहचान पत्र के इस्तेमाल का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। महिला ने भारतीय पहचान पत्र कहां से और किस माध्यम से प्राप्त किया, इसके अलावा उसके भारत में आने-जाने और अन्य संपर्कों की भी जांच की जा रही है।