जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुई मजदूरों की हत्या की वारदात के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
डॉ. अतुल मोहन सिंह, लखनऊ: जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुई मजदूरों की हत्या की वारदात के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। खुफिया सूत्रों से मिले इनपुट के अनुसार, आतंकी संगठन उत्तर प्रदेश, खासकर राजधानी लखनऊ के संवेदनशील इलाकों को निशाना बनाने की फिराक में हैं। इस इनपुट के सामने आते ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा बलों ने पूरे प्रदेश में सतर्कता बढ़ा दी है।
इन इलाकें की सुरक्षा सख्त
संभावित खतरे को देखते हुए लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और चारबाग रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। इसके साथ ही विधान सभा, मुख्यमंत्री आवास और राजभवन के आसपास सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है। इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ-साथ आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही है।
गाजियाबाद में ATS का एक्शन, DGP की हाई-लेवल समीक्षा
एक तरफ जहां राजधानी में अलर्ट घोषित किया गया है, वहीं उत्तर प्रदेश ATS की टीम ने गाजियाबाद में सक्रिय एक संदिग्ध आपराधिक नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। घटनाक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक कर प्रदेशभर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। डीजीपी ने सभी जिला पुलिस प्रमुखों और सुरक्षा एजेंसियों को राउंड द क्लॉक पेट्रोलिंग करने व संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।